@ नई दिल्ली :-
सेखों भारतीय वायु सेना मैराथन 2026 का आयोजन देश के सात शहरों—नई दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, गुवाहाटी, बेंगलुरु, ग्वालियर और तिरुवनंतपुरम—में उत्साहपूर्वक किया गया। हजारों प्रतिभागियों ने दौड़ में हिस्सा लेकर फिटनेस, साहस और राष्ट्र गौरव का संदेश दिया।
नई दिल्ली में आयोजित मैराथन में करीब 15,000 धावकों ने 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में भाग लिया।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की, जबकि नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने 10 किलोमीटर वर्ग में हिस्सा लिया। उनकी भागीदारी ने एयर वॉरियर्स, सशस्त्र बलों के जवानों और आम नागरिकों का उत्साह बढ़ाया।
इस आयोजन की खासियत प्रतिभागियों की विविधता रही। 94 वर्षीय धावक ने 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की, जबकि नौ वर्षीय प्रतिभागी ने हाफ मैराथन में हिस्सा लेकर अपनी दृढ़ता का परिचय दिया। कृत्रिम अंगों वाले धावकों ने भी सेवा में कार्यरत सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों, महिलाओं और बच्चों के साथ दौड़ में भाग लिया।
दिल्ली संस्करण का फ्लैग-ऑफ आरजे रणविजय सिंघा ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मैराथन का आयोजन फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों, पीवीसी, की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से भी किया गया। आयोजन ने संदेश दिया कि उम्र और परिस्थितियां चाहे जो हों, हर कदम साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़ा हो सकता है।




