@ नई दिल्ली :-
नई दिल्ली। त्योहारों और शादियों के सीजन में हवाई यात्रा करना आम आदमी की जेब पर भारी पड़ने लगा है। पिछले 15 दिनों में घरेलू हवाई किराये में करीब 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी होने से व्यापारी, मध्यम वर्ग और आम यात्री परेशान हैं। कई प्रमुख घरेलू रूटों पर हवाई किराया लगभग दोगुना तक पहुंच गया है। इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने आरोप लगाया कि विमानन कंपनियां त्योहारों और शादी के सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूल रही हैं। उन्होंने कहा कि हवाई किराये में अचानक इतनी बड़ी बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर सीधा हमला है। यदि सरकार ने समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया, तो आने वाले दिनों में यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।

बृजेश गोयल के अनुसार, फिलहाल छठ पर्व चल रहा है और दिल्ली में रहने वाले लाखों लोग अपने घरों और परिवारों के बीच त्योहार मनाने के लिए विभिन्न राज्यों की यात्रा करना चाहते हैं। वहीं, 20 नवंबर से शादी-विवाह का सीजन शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य शहरों की ओर यात्रा करेंगे। लेकिन हवाई किराये में भारी बढ़ोतरी के कारण लोगों के लिए हवाई सफर करना मुश्किल होता जा रहा है। कई यात्री अपनी यात्रा टालने को मजबूर हैं, जबकि कुछ लोग महंगे टिकटों के बजाय ट्रेन और बस से सफर करने का विकल्प चुन रहे हैं।
कई प्रमुख रूटों पर किराया 20 हजार रुपये तक पहुंचा
CTI ने इस संबंध में एक सर्वे भी कराया है। सर्वे के मुताबिक, दिल्ली से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराया पिछले कुछ दिनों की तुलना में काफी बढ़ गया है। दिल्ली से पटना का किराया करीब 18 हजार रुपये तक पहुंच गया है, जबकि दिल्ली से दरभंगा जाने के लिए यात्रियों को लगभग 20 हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इसी तरह दिल्ली से मुंबई का हवाई किराया करीब 15 हजार रुपये हो गया है।
दिल्ली से बेंगलुरु के लिए यात्रियों को 16 हजार से 18 हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं, दिल्ली से अहमदाबाद का किराया करीब 11 हजार रुपये और दिल्ली से हैदराबाद का किराया 11 हजार से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। CTI का दावा है कि कुछ दिन पहले इन रूटों पर यही किराया लगभग आधा था।
बृजेश गोयल ने कहा कि मांग बढ़ने के नाम पर किराये में इतनी बड़ी वृद्धि को उचित नहीं ठहराया जा सकता। विमानन कंपनियों को त्योहारों और शादियों के सीजन का फायदा उठाकर यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। हवाई यात्रा अब केवल अमीरों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि मध्यम वर्ग और आम परिवारों के लिए भी यह परिवहन का एक महत्वपूर्ण साधन बन चुकी है।
सरकार के सामने रखीं पांच प्रमुख मांगें
CTI ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को भेजे पत्र में पांच प्रमुख सुझाव और मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि हवाई किराये में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी पर तत्काल नियंत्रण लगाया जाए और त्योहारों तथा शादी के सीजन में मनमाने किराये की प्रवृत्ति पर रोक लगे।

दूसरी मांग के तहत CTI ने प्रत्येक हवाई मार्ग के लिए अधिकतम किराया सीमा यानी अपर कैप निर्धारित करने का सुझाव दिया है। संगठन का कहना है कि कोई भी एयरलाइन निर्धारित सीमा से अधिक किराया न वसूल सके। इससे यात्रियों को अचानक होने वाली भारी बढ़ोतरी से राहत मिलेगी।
तीसरी मांग है कि हवाई किराया दूरी और किलोमीटर के आधार पर निर्धारित करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए। CTI के अनुसार, 500 किलोमीटर और 1500 किलोमीटर की उड़ान के किराये में उचित अंतर होना चाहिए। इसके लिए एक स्पष्ट फॉर्मूला तय किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को किराये के निर्धारण की जानकारी मिल सके।
चौथी मांग दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे व्यस्त रूटों पर उड़ानों की संख्या और फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की है। CTI का मानना है कि सीटों की उपलब्धता बढ़ने से किराये पर दबाव कम होगा।
पांचवीं मांग देश में दो से तीन नई एयरलाइंस शुरू करने की है। संगठन का कहना है कि विमानन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ने से यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे और किराये को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
CTI ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। संगठन का कहना है कि हवाई यात्रा को आम आदमी की पहुंच में बनाए रखना जरूरी है। त्योहारों और शादी-विवाह जैसे अवसरों पर यात्रियों को आर्थिक बोझ से बचाने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
