नवसंचालित ANTF थाने में पहली FIR दर्ज, अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़

@ नई दिल्ली :-

दिल्ली में नवसंचालित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाने में पहली एफआईआर दर्ज करते हुए ANTF की टीम ने अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त एक परिवार द्वारा संचालित कथित ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 2.250 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, ANTF की टीम ने सिग्नेचर ब्रिज और खजूरी खास के पास चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्धों को रोका।

तलाशी लेने पर उनके पास से 2.006 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आरोपियों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस ने ड्रग्स के रिसीवर और एक अन्य स्रोत की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तारियों के बाद पुलिस टीम ने गाजियाबाद में कार्रवाई करते हुए 244 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की। इस तरह पूरे अभियान में कुल 2.250 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 73,400 रुपये की संदिग्ध ड्रग मनी भी बरामद की है। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले दो महिंद्रा थार वाहन, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क परिवार के सदस्यों के माध्यम से संचालित किया जा रहा था और इसकी गतिविधियां एक से अधिक राज्यों तक फैली हुई थीं। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य संपर्कों, हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत और इसकी आगे की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

नवसंचालित ANTF थाने में दर्ज यह पहली एफआईआर दिल्ली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...