@ नई दिल्ली :-
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत 17 नवंबर 2026 को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) स्थित CISF इकाई में त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता IRFC फाउंडेशन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और NSL इंडिया लिमिटेड के बीच हुआ।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के माध्यम से CISF की विभिन्न इकाइयों और प्रतिष्ठानों में आवासीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। इसके तहत प्रीफैब्रिकेटेड और कंटेनर आधारित बैरकों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बल के जवानों को बेहतर और सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा।
समझौता ज्ञापन पर IRFC फाउंडेशन के सदस्य श्वेत केतु मिश्रा, CISF के DIG/DMRC संतोष कुमार सिंह (IPS) और NSL इंडिया लिमिटेड के CEO सुनील कुमार पांडेय ने हस्ताक्षर किए।
इस त्रिपक्षीय सहयोग में रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय से जुड़े संस्थानों की भागीदारी देखने को मिल रही है। इस पहल को विभिन्न संस्थानों के बीच समन्वय और सहयोग के माध्यम से सुरक्षा बलों के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना से CISF के विभिन्न प्रतिष्ठानों में आवासीय सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही, CSR के प्रभावी उपयोग से सुरक्षा बलों के कल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा।
