बड़ी कंपनियों की आड़ में नकली दवाइयों का कारोबार, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

@ मुरादाबाद उत्तरप्रदेश :-

बड़ी दवा कंपनियों के ब्रांड और पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली दवाइयां बाजार में खपाने वाले कथित नेटवर्क का औषधि विभाग ने पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दवाइयां तैयार कराई जाती थीं, जबकि दिल्ली में उनकी रीपैकिंग कर उन्हें नामी कंपनियों की दवाइयों के रूप में बाजार में उतारा जाता था। मामले में दवा कारोबारी अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल द्वारा चौधरपुर मनौटा रोड स्थित इस्माइल मार्केट के आरबी मेडिकल स्टोर से लिए गए दवाइयों के नमूनों की जांच से हुई। जांच में नमूने नकली पाए गए। पूछताछ के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक मोहम्मद आमिर ने बताया कि उसने ये दवाइयां पाकबड़ा स्थित जेडआर मेडिकल स्टोर से खरीदी थीं।

जांच आगे बढ़ी तो दवाइयों की सप्लाई का संबंध पूनम विहार स्थित अरीब फार्मास्युटिकल फर्म से सामने आया। इस फर्म में नवीन नगर निवासी अमित कुमार पार्टनर बताया गया है। अमित से पूछताछ में दवाइयों की खरीद का एक और स्रोत अमरोहा के हादीपुर स्थित अरीब फार्मास्युटिकल फर्म बताया गया। हालांकि, औषधि विभाग द्वारा मांगे जाने पर संबंधित दवाइयों की खरीद और बिक्री के बिल उपलब्ध नहीं कराए जा सके।

औषधि निरीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, पूछताछ में कथित तौर पर पता चला कि आसिफ चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के बद्दी और सोलन तथा उत्तराखंड के काशीपुर में टैबलेट और कैप्सूल तैयार कराता था। इसके बाद इन्हें दिल्ली ले जाकर नामी कंपनियों के नाम और पैकिंग में दोबारा पैक किया जाता था। आरोप है कि इन दवाइयों को अमित की मेडिकल एजेंसियों और स्टोरों के माध्यम से बाजार में बेचा जाता था। सप्लाई के दौरान बिलों का इस्तेमाल नहीं किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

जांच अधिकारी के अनुसार, अमित कुमार ने एक ही नाम से अलग-अलग शहरों में आठ फर्में खोल रखी थीं। आरोप है कि इन फर्मों के जरिए वर्ष 2025 में तैयार कराई गई नकली दवाइयां भी बाजार में पहुंचाई गईं। औषधि निरीक्षक का दावा है कि अमित ने पूछताछ में अपने और आसिफ के पहले भी नकली दवाइयों के कारोबार में जेल जाने की बात बताई।

औषधि विभाग की टीम ने आसिफ से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। टीम जब उसके घर पहुंची तो वहां उसका भाई वासिफ मिला। औषधि निरीक्षक के मुताबिक, वासिफ के मोबाइल फोन में कुछ ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें दोनों के बीच दवाइयों के कारोबार को लेकर बातचीत दिखाई देती है। विभाग इन वीडियो और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रहा है।

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि औषधि निरीक्षक की तहरीर पर अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दूसरी ओर, अमित कुमार की पत्नी रीना रानी ने औषधि विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 12 नवंबर की रात करीब दस बजे औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती टीम के साथ उनके घर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर समेत अन्य सामान अपने कब्जे में ले लिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

नकली दवाइयों के इस कथित नेटवर्क ने दवा आपूर्ति व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस और औषधि विभाग की जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...