@ नई दिल्ली :-
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने टिल्लू ताजपुरिया गैंग के सक्रिय सदस्य पवन कुमार उर्फ मक्खी (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपहरण, बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी देने और हथियार के इस्तेमाल से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक प्रॉपर्टी डीलर को पिस्टल दिखाकर पुराने आपराधिक मुकदमे में समझौता करने के लिए मजबूर किया था।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राकेश कुमार निवासी अकबरपुर माजरा, दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र उर्फ भोलू उन्हें घर के बाहर से जबरन काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन में बैठाकर ले गया। गाड़ी में पवन उर्फ मक्खी पहले से मौजूद था। आरोपियों ने उन्हें पल्ला-जंगोला रोड और बख्तावरपुर स्थित सुनील तंवर उर्फ राजू के कार्यालय समेत कई स्थानों पर ले जाकर बंधक बनाए रखा।

इस दौरान पवन उर्फ मक्खी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही आलिपुर थाने में पहले से दर्ज FIR संख्या 352/2026 वापस लेने और आरोपियों के खिलाफ गवाही नहीं देने का दबाव बनाया। आरोप है कि हथियार के डर से शिकायतकर्ता को जबरन समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करने पड़े।
घटना के संबंध में 29 अक्टूबर 2026 को थाना आलिपुर में FIR संख्या 627/2026 दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 अक्टूबर को नरेंद्र उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो-एन भी बरामद की गई थी। हालांकि, पवन उर्फ मक्खी गिरफ्तारी से बच रहा था। उसने रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसे 6 नवंबर को अदालत ने खारिज कर दिया था।

विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी को दबोचा
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बाहरी उत्तरी जिला स्पेशल स्टाफ की टीम गठित की गई थी। ACP फिरोज आलम के नेतृत्व और इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी की निगरानी में पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचनाओं और लगातार छापेमारी के जरिए उसकी तलाश की। आखिरकार 21 नवंबर 2026 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार, ताजपुर गांव निवासी पवन उर्फ मक्खी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वर्ष 2012 में उसके खिलाफ आलिपुर थाने में हत्या के प्रयास, दंगा और धमकी से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2026 में हरियाणा के कुंडली और दिल्ली के आलिपुर थाने में भी उसके खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल की बरामदगी, जबरन हस्ताक्षर कराए गए समझौता पत्र और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। डीसीपी बाहरी उत्तरी जिला शोहित डी. सक्सेना (IPS) ने कहा कि अपराध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
