@ नई दिल्ली :-
इस अभियान दल की विशेषता कि सभी पर्वतारोही महिला हैं।
नारी शक्ति का यह एक अनूठा उदाहरण।
माउंट नन (7135 मीटर), लद्दाख क्षेत्र 03.07.2025 को ITBP महानिदेशालय, नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में ITBP के महिला पर्वतारोहण अभियान–2025 को माउंट नन (7135 मीटर) हेतु औपचारिक रूप से रवाना किया गया। यह अभियान बल की महिला हिमवीरों की अदम्य साहस, मानसिक दृढ़ता एवं ऊँचाई पर संचालन क्षमता का प्रतीक है।

कमलेश कमल जनसंपर्क अधिकारी ने बताया की समारोह का शुभारंभ बल गीत से हुआ, जिसके उपरांत उपमहानिरीक्षक (स्पोर्ट्स तथा एडवेंचर) रणवीर सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए पर्वतारोहण की गौरवशाली परंपरा और महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अभियान की टीम लीडर असिस्टेंट कमांडेंट भानिता तिमुंगपी ने अभियान के मार्ग, चुनौतियों, प्रशिक्षण तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की।
महानिदेशक राहुल रसगोत्रा, भा.पु.से. ने अभियान प्रमुख को ध्वज प्रदान कर टीम को शुभकामनाएँ दीं तथा अपने प्रेरणादायी संबोधन में हिमवीर महिला कर्मियों के साहस, प्रतिबद्धता और बल की गौरवशाली परंपरा की सराहना की।
इसके पश्चात अपर महानिदेशक (मुख्यालय) अब्दुल गनी मीर, भा.पु.से. द्वारा महानिदेशक महोदय को स्मृति चिह्न भेंट किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक चित्र ग्रहण के साथ हुआ, तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों हेतु जलपान की व्यवस्था की गई।
यह ऐतिहासिक अभियान बल में महिला सशक्तिकरण, पर्वतारोहण परंपरा और ऊँचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में परिचालन की क्षमता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है।

