@ सुशील भट्ट हल्द्वानी उत्तराखंड
अल्मोड़ा जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्र देघाट से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। रविवार को ग्राम चिन्तोली (देघाट) के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चार लोग सवार थे।

इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना ग्राम प्रहरी चंदन सिंह द्वारा तत्काल देघाट थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
