@ गुवाहाटी असम :-
भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने असम के जोरहाट में हुए AN-32 विमान हादसे में अपने पांच कर्मियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वायुसेना ने कहा कि देश ने इस दुर्घटना में अपने बहादुर जवानों को खो दिया, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया।


हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम का निधन हो गया। सभी जवान ड्यूटी के दौरान विमान में सवार थे और राष्ट्र सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दे गए।
भारतीय वायुसेना ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि वह इस अपूरणीय क्षति से अत्यंत दुखी है और दिवंगत जवानों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती है। आईएएफ ने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में वह शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

यह दुर्घटना देश के लिए एक बड़ी क्षति मानी जा रही है। सैन्य और नागरिक क्षेत्रों से जुड़े कई लोगों ने भी जवानों के निधन पर शोक व्यक्त किया है। दिवंगत कर्मियों को उनकी निष्ठा, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए याद किया जा रहा है।
भारतीय वायुसेना ने कहा कि राष्ट्र अपने इन वीर सपूतों के बलिदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।

