भारत-स्लोवाकिया संबंधों को मिली नई दिशा, व्यापक साझेदारी पर सहमति

@ नई दिल्ली :-

15 जून 2026 को  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रोबर्ट फीको के बीच आज स्लोवाकिया की राजधानी ब्राटिस्लावा में प्रतिनिधिमंडल स्तर की महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया ने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी (Comprehensive Partnership) के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग गहरे आपसी विश्वास, रणनीतिक समझ और साझा हितों का प्रतीक है। इस दौरान रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण आशय पत्र (Letter of Intent) पर भी हस्ताक्षर किए गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज के दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का भविष्य केवल तकनीकी नवाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वास, जिम्मेदारी और मानवीय गरिमा जैसे मूल्यों पर भी आधारित होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत सुरक्षित, विश्वसनीय और मानव-केंद्रित AI विकास के पक्ष में है।

बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता डिजिटल नवाचार, तकनीकी विकास और आर्थिक सहयोग के नए अवसर प्रदान करेगा।

वहीं, प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने भारत की तेज आर्थिक प्रगति, डिजिटल परिवर्तन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकसित देशों को भी पीछे छोड़ दिया है और वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है।

फिको ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता पर बल देते हुए भारत को स्थायी सदस्यता दिए जाने का समर्थन किया। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...