@ नई दिल्ली :-
संविधान दिवस के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आईटीबीपी के अपर महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल, आईपीएस ने मुख्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को भारतीय संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान गुंज्याल ने संविधान में निहित मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी कार्मिकों से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में आत्मसात करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है और इसके मूल सिद्धांत प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान तथा न्याय सुनिश्चित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों को अपने संवैधानिक दायित्वों और मूल कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर कार्मिकों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
आईटीबीपी मुख्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक चेतना और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देने वाला रहा।
