भारतीय नौसेना ने चक्रवात दितवाह के मद्देनजर श्रीलंका को मानवीय सहायता प्रदान की

@ नई दिल्ली :-

श्रीलंका में चक्रवाती तूफान दितवाह के प्रभाव को देखते हुए, भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत व्यापक मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियान चलाया है।

श्रीलंकाई नौसेना की 75वीं वर्षगांठ के अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा (आईएफआर-2025) के तहत कोलंबो में मौजूद भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस विक्रांत और आईएनएस उदयगिरि को अल्प सूचना पर तट पर उभरती जरूरतों के आधार पर तत्काल राहत प्रदान करने का कार्य सौंपा गया था। इस प्रयास के तहत, जहाजों ने प्रभावित समुदायों को वितरण के लिए राहत सामग्री सौंप दी है।

जहाज पर सवार हेलीकॉप्टरों को प्रभावित क्षेत्रों की हवाई जांच के लिए तैनात किया गया तथा चल रहे खोज एवं बचाव प्रयासों को बढ़ाया गया, जिसके परिणामस्वरूप श्रीलंकाई नागरिकों को सफलतापूर्वक बचाया जा सका।

इन प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए, भारतीय नौसेना ने 01 दिसंबर, 2025 को त्रिंकोमाली में आईएनएस सुकन्या को भी तैनात किया है। यह जहाज श्रीलंका के लोगों को दी जा रही सहायता को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण राहत सामग्री लेकर आया है। आवश्यक सहायता की समय पर और प्रभावी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भारतीय और श्रीलंकाई अधिकारियों के बीच घनिष्ठ समन्वय निरंतर कायम है।

भारतीय नौसेना का त्वरित प्रत्युत्तर एक बार फिर हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता के रूप में अपनी भूमिका को दर्शाता है। यह भारत सरकार के महासागर संबंधी दृष्टिकोण और पड़ोसी प्रथम नीति के अनुरूप, जरूरत के समय साझेदार देशों का समर्थन करने की भारत की अटूट प्रतिबद्धता की भी पुष्टि करता है। भारतीय नौसेना मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और श्रीलंका के लोगों के साथ अटूट एकजुटता बनाए रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...