@ मेन्चुका, शि-योमी अरुणाचल प्रदेश :-
भारतीय सेना ने रन मॉन्क्स के सहयोग से 25 अक्टूबर 2026 को अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले की मेन्चुका घाटी में “मेन्चुका वैलर रन 2026” के प्रथम संस्करण का सफलतापूर्वक आयोजन किया। यह आयोजन 27 अक्टूबर को मनाए जाने वाले इन्फैंट्री दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों की श्रृंखला का हिस्सा था। इसमें लगभग 500 धावकों और फिटनेस प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय निवासियों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, जो सामुदायिक सहभागिता की भावना तथा भारतीय सेना और मेन्चुका के लोगों के बीच मजबूत संबंधों को दर्शाता है।

सभी आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए, लिंग की परवाह किए बिना, आयोजित इस कार्यक्रम में तीन दौड़ श्रेणियां शामिल थीं — 5 किमी सलामी दौड़, 10 किमी शौर्य दौड़ और 21 किमी स्पीयर दौड़। इन श्रेणियों ने प्रतिभागियों के बीच शारीरिक फिटनेस, सहनशक्ति, खेल भावना और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक समावेशी मंच प्रदान किया। इस आयोजन के माध्यम से इन्फैंट्री दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के पैदल सैनिकों के शौर्य, बलिदान और अदम्य भावना को भी स्मरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक उत्साहपूर्ण ज़ुम्बा सत्र से हुआ, जिसके बाद प्रतिभागियों को दौड़ के लिए तैयार करने हेतु शांतिदायक योग सत्र आयोजित किया गया। दौड़ों को क्रमशः रवाना किया गया, जिसमें सबसे पहले 21 किमी स्पीयर दौड़, उसके बाद 5 किमी सलामी दौड़ और 10 किमी शौर्य दौड़ शामिल थीं। मेन्चुका घाटी की मनोरम पृष्ठभूमि में प्रतिभागियों ने अद्भुत उत्साह, दृढ़ संकल्प और धैर्य का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय निवासियों के लिए एक हथियार प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें आधुनिक और अगली पीढ़ी के पैदल सेना उपकरण प्रदर्शित किए गए। इस प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय सेना की तकनीकी प्रगति, परिचालन क्षमताओं और तैयारियों को रेखांकित किया गया। प्रदर्शनी ने स्थानीय लोगों में काफी रुचि उत्पन्न की और उन्हें पैदल सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का समापन भारतीय सेना की युद्ध परंपराओं और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। गढ़वाल रेजिमेंट द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली खुकरी नृत्य, ऊर्जावान भांगड़ा और सिख रेजिमेंट द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक मार्शल आर्ट गतका ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय रंग भरते हुए मेन्चुका के बच्चों ने मनमोहक मेम्बा सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें क्षेत्र की विशिष्ट परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान की झलक दिखाई दी।
विभिन्न दौड़ श्रेणियों के विजेताओं को नकद पुरस्कार और वाउचर प्रदान कर सम्मानित किया गया। ₹1.25 लाख से अधिक की कुल पुरस्कार राशि के साथ, इस आयोजन ने खेल उत्कृष्टता को सम्मानित किया और फिटनेस तथा सहनशक्ति संबंधी गतिविधियों में अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया।
मेन्चुका वैलर रन 2026 के प्रथम संस्करण ने सीमावर्ती क्षेत्र में फिटनेस, साहसिक गतिविधियों, सामुदायिक सहभागिता और खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए भारतीय सेना और रन मॉन्क्स के सामूहिक प्रयास को रेखांकित किया। धावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और स्थानीय निवासियों के व्यापक समर्थन ने मेन्चुका घाटी की साहसिक खेलों और सहनशक्ति आधारित आयोजनों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बनने की क्षमता को उजागर किया।

इस आयोजन ने सैन्य-नागरिक संबंधों को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने और मेन्चुका की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाने के लिए एक सार्थक मंच भी प्रदान किया। इन्फैंट्री दिवस से पूर्व आयोजित समारोहों के हिस्से के रूप में आयोजित इस प्रथम संस्करण ने फिटनेस, सौहार्द, राष्ट्रीय एकीकरण तथा भारत की पैदल सेना के साहस और बलिदान के स्मरण की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।
इस आयोजन के सफल संचालन ने मेन्चुका वैलर रन के आगामी संस्करणों के लिए मजबूत आधार तैयार किया है। भारतीय सेना ऐसी पहलों के माध्यम से सहनशक्ति, एकता और सामुदायिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो लोगों को एकजुट करती हैं और मेन्चुका घाटी की अदम्य भावना का उत्सव मनाती हैं।

