@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में भवन निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बिहार लोक सेवा आयोग से चयनित 101 सहायक वास्तुविदों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यक्रम में बिहार लोक सेवा आयोग से चयनित 101 सहायक वास्तुविदों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है, मैं आप सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं और आपसे उम्मीद करता हूं कि आप अच्छे ढंग से अपने कार्य का निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन-सह-संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ.एस. सिद्धार्थ, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं नवनियुक्त सहायक वास्तुविद मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने भवन निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बिहार लोक सेवा आयोग से चयनित 101 सहायक वास्तुविदों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि कई आईकोनिक भवन बनाये गये हैं जिसमें वास्तुविदों की प्रमुख भूमिका रही है। इन नये वास्तुविदों की नियुक्ति के बाद सरकार की परिकल्पना के अनुसार और भी बेहतर भवनों का निर्माण होगा तथा बिल्डिंग बाईलॉज के अनुसार भवनों के निर्माण में बेहतर अनुश्रवण हो सकेगा। राज्य में बड़े पैमाने पर हो रहे निर्माण कार्यों के अनुश्रवण के लिए वास्तुविदों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भवन निर्माण विभाग अंतर्गत नए सिरे से वास्तुविद् सेवा संवर्ग का गठन किया गया है।

नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी एवं नमामी गंगे परियोजना की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की सभी योजनाएं करीब – करीब पूर्ण हैं, शेष योजनाओं को भी 31 जुलाई तक पूर्ण करें। साथ ही निर्देश दिया कि गंगा पथ के आसपास रेवेन्यू मॉडल पर काम करें जिससे राजस्व प्राप्त हो सके।

पटना के जिलाधिकारी डॉ.त्यागराजन एस.एम द्वारा दीदारगंज से भद्रघाट, जेपी गंगा पथ-अशोक राजपथ तथा पटना साहिब रेलवे स्टेशन के नजदीक जनहित की विभिन्न योजनाओं के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री की पटना जिला में 21 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए की गई घोषणाओं एवं राज्य सरकार द्वारा इसकी स्वीकृति के आलोक में योजनाओं को त्वरित गति से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिये।

सारण के जिलाधिकारी अमन समीर ने जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में चल रहे भवन मरम्मति तथा विद्युत मरम्मति कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता, विद्युत कार्य प्रमंडल एवं प्रबंधक DRCC को प्रत्येक सप्ताह मरम्मति कार्य का भौतिक सत्यापन कर कार्य की साप्ताहिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा चयनित एजेंसी को उच्च गुणवत्ता पूर्ण मरम्मति कार्य करने के निर्देश दिये।

भागलपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय, राज्यस्तरीय एवं मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्रवार अपना बीएलए बना लें ताकि सभी बूथ पर बीएलए होने से यह फायदा होगा कि उनके माध्यम से सत्यापित किया जाएगा कि मतदाता सूची में किन का नाम कट गया है, किनका नाम नहीं जुड़ पाया है। उन्होंने नये वोटर बनाने पर भी जोर दिया।

गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों से जुड़े विकासात्मक योजनाओं के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने योजनाओं के कार्य प्रगति, राजस्व वसूली, अधिप्राप्ति लक्ष्य एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के संबंध में जानकारी ली।

लखीसराय के जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।