बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 24 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी।
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट की बैठक के अहम निर्णय में कलाकारों के लिए ‘मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना’ को स्वीकृति दी है। इस योजना के तहत बिहार राज्य के समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने हेतु निरंतर योगदान देने वाले राज्य के वरिष्ठ एवं आजीविका संकट से जूझ रहे उत्कृष्ट कलाकारों को मासिक ₹3000/- (तीन हजार रुपये) की पेंशन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं कैबिनेट की बैठक में बिहार के युवाओं को कौशल विकास और बेहतर रोजगार के साथ-साथ कैरियर संवर्धन के लिए ‘मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना’ की घोषणा की गई है। इसके तहत पात्र उम्मीदवारों को 4 से 6 हजार रुपये का इंटर्नशिप मिलेगा। वर्ष 2025-26 में 5 हजार जबकि अगले पांच वर्षों के लिए एक लाख युवाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
👉 नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी के पुनौराधाम में अयोध्या के तर्ज पर ‘माता सीता के मंदिर बनाने को लेकर ट्वीट करते हुए कहा कि मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं के निर्माण की योजना को आज कैबिनेट से मंजूरी दे दी गई है। आज बिहार कैबिनेट में पुनौराधाम के समग्र विकास के लिए तैयार की गई वृहद योजना के लिए 882 करोड़ 87 लाख रु. की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना का जल्द ही कार्यारंभ कर दिया जाएगा। मैंने अगस्त महीने तक इसका शिलान्यास कराने का निर्देश दिया है। हमलोग पुनौराधाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं। इसका राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तर्ज पर समग्र विकास किया जाएगा। पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण सभी देशवासियों के लिए तथा विशेष रूप से हम सभी बिहारवासियों के लिए सौभाग्य एवं गर्व की बात है।
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पाशा मेलाराम औद्योगक क्षेत्र के सीगची केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट होने से मजदूरों की हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि यह हादसा अत्यंत दु:खद है। मुख्यमंत्री ने बिहार के रहने वाले मृतक के आश्रित को दो लाख रुपये एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। उन्होंने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि तेलंगाना सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतक के पार्थिव शरीर को बिहार लाने की समुचित व्यवस्था करें, साथ ही समुचित इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विधिवत एवं प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाने, डेडिकेटेड फ़ॉलो-अप टीम सक्रिय रखने तथा पुनः अतिक्रमण करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिये।
👉 नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। उन्होंने विधि-व्यवस्था बनाये रखने, शांतिपूर्व एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
👉 भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की अध्यक्षता में नगर परिषद् सुल्तानगंज के सभागार में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला, 2025 को लेकर बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।
👉 रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्केल ऑफ फाइनेंस (वियतनाम) के निर्धारण हेतु जिलास्तरीय तकनीकी समिति की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...