@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अन्तर्गत 1 करोड़ 11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में 1227.27 करोड़ रुपये की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से हस्तांतरित की गयी। मालूम हो कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पहले प्रतिमाह 400 रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दी गयी है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी समेत कई वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अन्तर्गत 1 करोड़ 11 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में 1227.27 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित करने के पश्चात् लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमलोगों ने राज्य के विकास के लिए लगातार काम किया है। हमने शुरू से ही सभी वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएँ चलाई है। समाज के कमजोर तबकों के हित के लिए हमलोग निरंतर काम कर रहे हैं। वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं की सहूलियत के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनायें चलाई जा रही हैं, जिसमें सभी वर्गों के लोगों को अब तक 400 रुपये प्रति माह पेंशन के रूप में दी जा रही थी।
उन्होंने कहा कि 21 जून, 2025 को महिला संवाद कार्यक्रम में महिला प्रतिनिधियों से बातचीत के क्रम में ही हमलोगों ने सोचा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाया जाए तथा वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं को हर महीने 400 रुपये की जगह 1100 रुपये पेंशन की राशि दी जाए। राज्य सरकार ने अब यह तय कर दिया है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं को हर महीने 400 रुपये की जगह 1,100 रुपये पेंशन की राशि पिछले महीने से अर्थात जून 2025 के प्रभाव से दी जाएगी, इसलिए आज पेंशन की बढ़ी हुई राशि को लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेज दिया गया है। मुझे बहुत खुशी हो रही है।

गन्ना मंत्री कृष्णनंदन पासवन के द्वारा रानी उत्सव पैलेस एंड रिसॉर्ट, सीतामढ़ी जिले के रीगा प्रखंड स्थित कुसमारी में आयोजित कार्यक्रम में रीगा चीनी मिल क्षेत्र के गन्ना कृषकों के पूर्ववर्ती पेराई सत्रों के बकाया ईख मूल्य 51.3091296 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इस मौके पर गन्ना उद्योग विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, ईखायुक्त अनिल कुमार झा, संयुक्त निदेशक, ईख विकास महेन्द्र प्रताप सिंह, संयुक्त ईखायुक्त जय प्रकाश नारायण सिंह समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

औरंगाबाद के जिलाधिकारी कांत शास्त्री की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कई फरियादियों की समस्याएं सुनी और समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।

जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में आगामी श्रावणी मेला, 2025 को लेकर बैठक हुई। उन्होंने श्रद्धुलाओं की सुविधा, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाये रखने के सख्त निर्देश दिये।

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह द्वारा चेनारी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उगहनी में महात्मा गांधी नरेगा योजना (मनरेगा) से निर्मित ‘जीविका ग्राम संगठन भवन’ का उद्घाटन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों और उनके संघों को एक सशक्त और स्थायी मंच प्रदान करना है।

बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला द्वारा सात निश्चय पार्ट-2 योजना के अंतर्गत कटोरिया प्रखंड परिसर में विक्रमशिला दूध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के एक नवीन डेयरी आउटलेट का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लखीसराय के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदान केंद्र युक्तिकरण विषय पर चर्चा की गयी।