@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पहली बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कुल 06 एजेंडों पर मुहर लगाई गयी।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट ने महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए अगले 05 वर्षो (2025-30) 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित पर मंजूरी दी है। वहीं बिहार के विकास की गति को बल देने हेतु बिहार में प्रौद्योगिकी और सेवा आधारित नवचारों की न्यू ऐज इकोनॉमी के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु इस क्षेत्र की बिहार से संबंध रखने वाले अग्रणी उद्यमियों के सुझाव प्राप्त कर योजनाओं एवं नीतियों का निर्धारण किया जाएगा। साथ ही बिहार को एक वैश्विक-बैंक एंड हब एवं ग्लोबल वर्क प्लेस के रूप मे विकसित एवं स्थापित करने हेतु महत्वपूर्ण विभागों तथा प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों एवं विशेषज्ञों के सहयोग से एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कैबिनेट ने राज्य में नई चीनी मिलों की स्थापना एवं पुरानी बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू करने हेतु नीति एवं कार्ययोजना बनाने पर भी मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निरीक्षण के दौरान कहा कि यहां मुख्य रूप से बिस्कुट और कुकीज का निर्माण होता है, जो पूरे भारत के साथ-साथ विदेशों में भी भेजे जाते हैं। यह कंपनी ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड का हिस्सा है, जो बिस्कुट, ब्रेड और डेयरी उत्पादों के निर्माण के लिए जानी जाती है।

सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज औपचारिक रुप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग के सचिव अनुपम कुमार, निदेशक वैभव वास्तव एवं अन्य पदाधिकारीगण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक अभिनन्दन एवं स्वागत किया।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में 30 से अधिक विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई तथा आ रहे व्यवधान को दूर किया गया। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं में कार्य प्रगति अच्छी है। सभी अधिकारियों को आवश्यकतानुसार कैंप मोड में रैयतों का मुआवजा भुगतान करने, मार्ग–रेखन में आ रही संरचनाओं का विधिवत स्थानांतरण करने, त्वरित गति से भू–अर्जन करने, अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर तीव्र गति से कार्य कराने, निर्माण एजेन्सीज़ से कार्यों में SOP के अनुसार सभी सुरक्षात्मक मापदंडों का अनुपालन कराने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध ढंग से योजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिये।

किशनगंज के जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा किशनगंज प्रखंड स्थित टेउसा पैक्स गोदाम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने धान की खरीद में पारदर्शिता लाने, किसानों को उचित मूल्य दिलाना और उचित रख-रखाव को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में धान अधिप्राप्ति की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शेष चिह्नित अक्रियाशील पैक्स को आगामी दो दिनों के अंदर हर हाल में क्रियाशील करें। जिले में अभी तक 140 किसानों से कुल 961 एमटी धान का क्रय किया गया है।

सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में सभी विभाग के पदाधिकारियों के साथ जिलास्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित विकासात्मक एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने, विकासात्मक कार्यों की गति देने तथा जन सुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।