@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुनीता विलियम्स सहित क्रू-9 के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में इतने लंबे समय तक रहने के बाद सुनीता विलियम्स सहित क्रू-9 के सदस्यों की धरती पर सकुशल वापसी एक सुखद समाचार है। यह पूरी यात्रा उनके धैर्य और दृढ़ता की जीत को दर्शाता है। सुनीता विलियम्स का यह अंतरिक्ष मिशन मानव कल्याण के विभिन्न आयामों में मददगार साबित होगा। धरती पर वापसी की इस पूरी सफलता के लिए नासा, स्पेसएक्स तथा एस्ट्रोनॉट्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

हार्वर्ड केनेडी स्कूल के कानून एवं नीति छात्र समूह और भारतीय छात्र समुदाय की ओर से विशेष रूप से बिहार के छात्रों द्वारा ऑनलाइन चर्चा में शामिल होने के लिये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आमंत्रित किया गया है। ‘अगले दशक के लिये बिहार के विजन शिक्षित, समृद्ध और सक्षम’ विषय पर यह ऑनलाइन चर्चा आयोजित की जायेगी। आमंत्रण पत्र में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अप्रैल में ऑनलाइन चर्चा में शामिल होकर मार्गदर्शन देने हेतु समय की मांग की गयी है।

सूबे में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधि- व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि विधि-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। अपराध करने वाले कोई भी हों, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाये।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधि-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध के कारणों की पूरी तहकीकात कर दोषी की पहचान करें और बिना किसी भेदभाव के उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि आपराधिक घटनाओं के पीछे किसी प्रकार की साजिश है तो उसकी भी जांच की जाये और जांचोपरांत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाये।

गया के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 की तैयारी के संबंध में विचार विमर्श कया गया।

नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 23 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को उसके निदान हेतु उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।

पूर्णिया के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपदा /आगलगी से पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के अंदर सहायता राशि का भुगतान करने के निर्देश दिये।

सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बिहार दिवस, 2025 को लेकर जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने बिहार दिवस के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने खद्यान्न वितरण, पीएसडी दुकानों का निरीक्षण, नए राशन कार्ड का निर्माण, न्यायालयवाद का निष्पादन तथा ई-श्रम पोर्टल पर प्रवासी श्रमिकों के राशन कार्ड का निबंधन कराने के निर्देश दिये।