गंगदा गांव में पारंपरिक रीति–रिवाजों के साथ मनाया गया मागे पर्व

@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड  :-

गंगदा पंचायत के गंगदा गांव में आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व ‘मागे’ पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति–रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। पर्व के अवसर पर गांव के दिउरी जरिया सुरीन ने लाल एवं काले मुर्गे की विधिवत पूजा-अर्चना कर बलि दी। इस दौरान ग्राम देवता सिंहबांगा और मनबांगा को स्मरण करते हुए गांव की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।

पर्व के दौरान विभिन्न देवी-देवताओं की पारंपरिक विधि से पूजा की गई। ग्रामीणों ने अच्छी फसल, खुशहाली और आपसी एकता के लिए प्रार्थना की। पूजा के बाद पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया। पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर पारंपरिक नृत्य किया। पुरुषों ने बांसुरी बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा। इस अवसर पर महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा धारण कर सांस्कृतिक एकता और परंपरा का सुंदर प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक आभूषणों से सजे ग्रामीणों ने सामूहिक नृत्य कर पर्व को यादगार बना दिया।

मागे पर्व में दूर-दराज के गांवों से भी लोग शामिल हुए। चाईबासा,गुवा,रोवाम,घाटकुड़ी तथा मनोहरपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से ग्रामीणों ने भाग लेकर पर्व की शोभा बढ़ाई।

मौके पर दिउरी के सहयोगी रोया तुमुइ, सीरम सुरीन, बिरसा सुरीन सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे। पूरे आयोजन के दौरान गांव में आपसी भाईचारा और पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...