@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय राशि में वृद्धि की सौगात देते हुए कहा कि नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपए की जगह 3 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपए की जगह 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।

नीतीश कुमार ने जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड स्थित बाराबर (वाणावर) क्षेत्र के विकास कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वाणावर श्रावणी मेला में आये श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं हो। जलाभिषेक करने में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखें। मालूम हो कि वाणावर पहाड़ पर बाबा सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने आते हैं। इस मौके पर जहानाबाद की जिलाधिकारी मती अलंकृता पांडेय समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मखदुमपुर प्रखंड स्थित वाणावार क्षेत्र का विकास कार्य के निरीक्षण के दौरान कहा कि वाणावर गुफाएं भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को उजागर करती है। इसका विकास बहुत महत्वपूर्ण है ताकि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह क्षेत्र संरक्षित रहे। साथ ही यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिले। मालूम हो कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2025 में प्रगति यात्रा के दौरान बाराबर गुफाओं और उसके आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास की घोषणा की गयी थी। इसको लेकर 50 करोड़ रुपये की विकास योजना स्वीकृत की गयी है। इस विकास योजना के अंतर्गत सीढ़ियों का निर्माण, पर्यटक सुविधाओं का विकास तथा एक लघु संग्रहालय का पुनर्निर्माण और नवीनीकरण शामिल है।

अमृत लाल मीणा, मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से Patna Metro / Airport के Central Projects की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज मामले को निपटाने, परिमार्जन, जमाबंदी समेत बसेरा अभियान का सफलपूर्वक संचालन के निर्देश दिये।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान, आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025, सीएमआर आपूर्ति तथा ग्रामीण जलापूर्ति योजना की गहन समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उर्वरकों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।

शिवहर के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय द्वारा तरियानी अंतर्गत पोझियां पंचायत में हर घर नल का जल योजना के अंतर्गत क्रियान्वयन की जांच की। उन्होंने निर्बाध शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हेतु खराब चापाकल की अविलंब मरम्मति के निर्देश दिये। साथ ही संबंधित अधिकारियों से खराब चापाकलों की मरम्मति कार्य की जानकारी भी ली।

सीवान के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा भंटापोखर स्थित EVM/ VVPAT वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों के अनुरूप S.O.P. का अनुपालन दृढ़ता से करने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।