बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

@ पटना बिहार

बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना एवं आसपास के इलाकों में जलजमाव की स्थिति से निपटने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पहाड़ी स्थित ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का जायजा लिया तथा शहर की जलनिकासी की व्यवस्थाओं को देखा। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पटना सिटी के वरमुता स्थित अस्थाई ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का जायजा लिया और जलनिकासी व्यवस्था की जानकारी ली। इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, नगर आयुक्त अनिमेश परासर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह समेत कई अन्य वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
👉 नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी व्यवस्था रखें कि मॉनसून के दौरान तेज बारिश की स्थिति में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। शहर के सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन को पूरी तरह फंक्शनल रखें। जलजमाव की स्थिति में तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
👉 मुख्यमंत्री ने जहानाबाद जिले के मखदुमपुर के वाणावार स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में मची भगदड़ में 07 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 04-04 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल हुए लोगों के समुचित इलाज कराने के निर्देश दिये एवं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
👉 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर जिले के आरा में मझौआ हवाई अड्डे के पास गहरे गड्ढे के पानी में नहाने के दौरान डूबकर तीन युवकों की हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना काफी दु:खद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 04-04 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
👉 नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नबीन की अध्यक्षता में जलजमाव को लेकर इमरजेंसी बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेरे विभाग में लापरवाही की जगह नहीं है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी अलर्ट मोड में काम करें। जलजमाव वाले इलाकों में सुपर सकर लगाकर पानी निकालने के लिए समुचित कार्रवाई करें। इस मौके पर दीघा विधायक संजीव चौरसिया, मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर रेशमी चंद्रवंशी, प्रधान सचिव आनंद किशोर, BUIDCO के MD समेत सभी अंचल के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।
👉 स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में राजधानी पटना में स्वास्थ्य भवन के सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित एवं दरभंगा एम्स भूमि हस्ताक्षरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय द्वारा 52 नवनियुक्त औषधि निरीक्षकों एवं 10 नवनियुक्त दंत चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। मालूम हो कि भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दरभंगा एम्स के लिए जमीन उपलब्ध कराने के आग्रह के बाद इसके आलोक में बिहार सरकार ने आज 150.13 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे स्वास्थ्य विभाग के लिए गर्व का दिन है।
👉 अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. ज़मा खान की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में सरकार साम्प्रदायिक सद्भाव और सामाजिक सौहार्द्र सहित अल्पसंख्यकों की उचित भागीदारी, शिक्षा तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, मदरसा आधुनिकीकरण, उर्दू भाषा के विकास तथा अल्पसंख्यक संस्थाओं को सक्षम बनाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर विभागीय सचिव मो. सोहैल समेत कई वरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
👉 पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ एवं जलजमाव से निपटने हेतु कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ एवं जलजमाव से निपटने हेतु जिला प्रशासन, पटना पूरी तरह तैयार है। किसी भी प्रकार की सूचना ज़िला आपातकालीन संचालन केंद्र में क्रियाशील जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष (दूरभाष संख्या 0612 – 2210118) में दी जा सकती है।
👉 भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने लंबित परिवाद पत्रों के शीघ्र निष्पादन हेतु समुचित कार्रवाई के निर्देश दिये।
👉 सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में आत्मा के शासी परिषद् की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बागवानी, मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि इंजीनियरिंग के लिए आगामी 5 वर्षों के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिलायें।
👉 बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक ने बक्सर अनुमंडल अंतर्गत रामरेखा घाट, जहाज घाट एवं अर्जुनपुर बाढ़ प्रवण क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
👉 नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में जिला जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 19 फरियादियों की समस्याएं सुनी एवं समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को समुचित कार्रवाई के निर्देश दिये।
👉 जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, जरूरी दवाओं की उपलब्धता समेत कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...