देश में सोने की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई

@ नई दिल्ली :-

देश में शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों और ग्राहकों दोनों को बड़ा झटका लगा। 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम 968 रुपए की गिरावट के साथ 93,393 रुपए पर आ गया है, जो पहले 94,361 रुपए था।

इस सप्ताह के दौरान सोने की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 2,200 रुपए की गिरावट आई है। 22 अप्रैल को सोने की कीमत 1,00,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, लेकिन उसके बाद से इसमें लगातार गिरावट देखी जा रही है।

वहीं अन्य कैरेट वाले सोने के दामों में भी गिरावट दर्ज की गई है। 22 कैरेट सोना अब 91,115 रुपए प्रति 10 ग्राम, 20 कैरेट सोना 83,120 रुपए और 18 कैरेट सोना 75,650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। इसके विपरीत, चांदी की कीमतों में मामूली तेजी देखी गई है। चांदी 86 रुपए महंगी होकर 94,200 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है, जबकि इससे पहले यह 94,114 रुपए थी।

वायदा बाजार में हालांकि थोड़ी तेजी देखने को मिली है। 5 जून का सोने का कॉन्ट्रैक्ट लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 93,215 रुपए पर कारोबार कर रहा है।

सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के पीछे दो प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। पहला डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए का मजबूत होना। शुक्रवार को रुपया 40 पैसे की मजबूती के साथ 84 रुपए प्रति डॉलर से नीचे पहुंच गया, जो पिछले सात महीनों में सबसे मजबूत स्तर है। दूसरा कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में नरमी है। फिलहाल वैश्विक बाजार में सोना 3,265 डॉलर प्रति औंस के करीब बना हुआ है, जबकि 22 अप्रैल को यह 3,500 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था।

इस गिरावट से आम लोगों के लिए सोना खरीदने का अच्छा मौका बन सकता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है और निवेश से पहले सोच-समझकर कदम उठाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...