@ नई दिल्ली :-
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर गोलियों की आवाज सुनाई दी। शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास देर रात दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की टीम की एक कुख्यात बदमाश से मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम बाबा के करीबी सहयोगी आमिर उर्फ सलीम उर्फ टिल्लन (34) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आमिर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी मौजपुर-सीलमपुर इलाके का निवासी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
बताया जा रहा है कि आमिर वर्ष 2024 में दिवाली की रात शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में हुए चर्चित चाचा-भतीजा डबल मर्डर केस का मुख्य आरोपी है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों समेत कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
8 जून की रात करीब 10:48 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से पुलिस ने एक 32 बोर की पिस्तौल, जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके गैंग तथा अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
