एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप : BSF की वेदिका कौशिक ने जीता कांस्य पदक, भारत का बढ़ाया मान

@ नई दिल्ली :-

बहरीन में आयोजित एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप (अंडर-23) में सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला खिलाड़ी कांस्टेबल वेदिका कौशिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वेदिका ने अपनी टीम की साथी खिलाड़ियों श्रुति और गौरी सोलंकी के साथ महिला टीम सेबर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया।

इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। खास बात यह है कि चैंपियनशिप में भारतीय दल को मिला यह एकमात्र पदक था। ऐसे में वेदिका कौशिक और उनकी टीम की यह उपलब्धि और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। तीनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, खेल कौशल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की।

वेदिका कौशिक की इस सफलता से सीमा सुरक्षा बल के खेल जगत में भी खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि ने न केवल BSF बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय तिरंगे का मान बढ़ाने वाली इस उपलब्धि को महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

सीमा प्रहरी परिवार ने वेदिका कौशिक, श्रुति, गौरी सोलंकी और पूरी भारतीय टीम को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई दी है। साथ ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वे आगे भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसी तरह देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...