@ नई दिल्ली :-
फीफा विश्व कप 2026 में कल खेले गए मुकाबलों में जर्मनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप में पहली बार खेल रही कुराकाओ टीम को 7-1 से करारी शिकस्त दी। ह्यूस्टन में आयोजित इस मुकाबले में जर्मनी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

जर्मनी के मिडफील्डर फेलिक्स नमचा ने मैच के छठे मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि कुराकाओ ने 21वें मिनट में लिवानो कोमेनेंसीअ के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद जर्मनी ने लगातार आक्रमण करते हुए छह और गोल दागे और मुकाबला 7-1 से अपने नाम कर लिया।
ग्रुप एफ के दूसरे मुकाबले में जापान और नेदरलॅंड्स के बीच रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। टेक्सास के डलास स्टेडियम में खेले गए मैच के पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। दूसरे हाफ में नीदरलैंड्स के लिए वर्जिल वन डिज्क और क्रिसेंसिओ सुम्मेरविल्ले ने गोल किए। जवाब में जापान की ओर से कैंटो नाकामुरा और दाइची कामदा ने गोल दागकर टीम को बराबरी दिलाई।
ग्रुप ई के मुकाबले में आइवरी कोस्ट ने इक्वेडोर को 1-0 से हराया। फिलाडेल्फिया में खेले गए इस मैच में स्थानापन्न खिलाड़ी आमद दिअल्ला ने 90वें मिनट में निर्णायक गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई।
टूर्नामेंट में आज भी कई अहम मुकाबले खेले जाएंगे। ग्रुप एफ में ट्यूनीशिया और स्वीडन के बीच मुकाबला जारी है, जबकि ग्रुप एच में स्पेन का सामना काबो वर्डे से होगा। अटलांटा में होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे शुरू होगा। विश्व कप के शुरुआती चरण में ही रोमांचक मुकाबलों ने फुटबॉल प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा दिया है।
