ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रतिभा खोज प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह आयोजित

@ अजमेर राजस्थान :-

अजमेर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रतिभा खोज प्रशिक्षण शिविर 2026 का समापन समारोह उत्साह एवं खेल भावना के साथ शुक्रवार को अजमेर के चंद्रवरदाई मैदान में सम्पन्न हुआ। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज के युवा खिलाड़ी ही राज्य एवं देश के भविष्य के उभरते सितारे हैं। क्रिकेट युवाओं में उत्साह, ऊर्जा एवं रोमांच का संचार करता है। हाल ही में जयपुर में आयोजित आईपीएल मुकाबलों के दौरान युवाओं में टिकटों को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जो क्रिकेट के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी बनने की इच्छा तो अनेक युवाओं में होती है, लेकिन उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के लिए कठोर मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास आवश्यक है। प्रतिभा को अवसर मिलना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जिला क्रिकेट संघ द्वारा महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। आज महिला खिलाड़ी भी क्रिकेट में अपना परचम लहरा रही हैं।

देवनानी ने कहा कि खिलाड़ी मोहल्ला स्तर से लेकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास से बनाते हैं। खेल में तकनीकी समझ और ऑब्जर्वेशन भी अत्यंत आवश्यक है। गेंदबाज को स्विंग, स्पिन एवं विविध तकनीकों की जानकारी होनी चाहिए। वहीं बल्लेबाज को परिस्थितियों के अनुरूप शॉट चयन की समझ विकसित करनी चाहिए। इन सभी तकनीकी पहलुओं को खेल में शामिल कर बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब भी बड़े मैच देखने जाएं तो मनोरंजन के साथ वरिष्ठ खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और रणनीति का भी अवलोकन करें। देश में सामान्य परिवारों से निकलकर अनेक खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। भाग्य भी उसी का साथ देता है जो मेहनत करता है।

स्‍पीकर देवनानी ने कहा कि जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। अनेक खेल मैदान, खेल अकादमियां एवं प्रशिक्षण सुविधाएं युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान कर रही हैं। खिलाड़ी प्रशिक्षण के साथ निरंतर मेहनत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करें तथा शहर, राज्य एवं देश का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने नेट प्रैक्टिस में बल्ले से शॉट भी आजमाए। उन्होंने शिविर में उपलब्ध बॉलिंग मशीन, एस्ट्रोटर्फ एवं अन्य आधुनिक संसाधनों का अवलोकन किया। खिलाड़ियों द्वारा क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। गत सत्र में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

जिला क्रिकेट संघ के सचिव गोविंद उपाध्याय ने बताया कि जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर में अंडर-14, 16 एवं 19 आयु वर्ग के लगभग 90 खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं की खोज कर प्रशिक्षित एवं उन्नत करने का कार्य किया गया। शिविर में खिलाड़ियों को एस्ट्रोटर्फ एवं सॉइल पिच पर क्वालीफाइड प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा डेटा आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया।

क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष अनीश मोयाल ने कहा कि शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों ने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। खिलाड़ियों के विकास में अभिभावकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षित कई खिलाड़ी आगामी समय में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अजमेर एवं राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सीताराम शर्मा, जिला खेल अधिकारी रामनिवास चौधरी, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व सचिव राजेश भड़ाना, प्रशिक्षक दिनेश शर्मा,  देवेंद्र सिंह,  शक्ति सिंह राठौड़ सहित प्रशिक्षक, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...