गुवा में आठ स्थानों पर हो रही है मां दुर्गा की पूजा अर्चना, मां का खुला पट

@ सिद्धार्थ पाण्डेय /चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम ) झारखंड :-

लौह नगरी गुवा में इस वर्ष दुर्गा पूजा का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर क्षेत्र के कुल आठ स्थानों पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना धूमधाम से की जा रही है। इनमें विवेक नगर, कल्याण नगर, राम नगर, कैलाश नगर, हिरजीहाटिंग, बिरसा नगर 1, रुंगटा कॉलोनी नुईया और पावर वन देवी मंदिर शामिल हैं। प्रत्येक पूजा समिति ने भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमाओं की स्थापना कर श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित किया है। रविवार देर शाम को शुभ मुहूर्त में मां दुर्गा का पट खोला गया।

मां के दर्शन के लिए सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। जैसे ही पट खोला गया, वातावरण “जय मां दुर्गा” और “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में माता की आराधना करती नजर आईं, वहीं युवाओं और बच्चों में भी पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडालों में बिजली, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और बैठने की व्यवस्था की है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुवा पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। सभी आठ स्थानों पर पूजा-अर्चना के साथ-साथ भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पूरे नगर का माहौल भक्तिमय हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...