हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 5 लाख लाभार्थियों को सब्सिडी दी गईं

@ चंडीगढ़ हरियाणा :-

हरियाणा सरकार ने ‘हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत प्रदेश की महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए जुलाई माह में गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली 5 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 19 करोड़ 68 लाख रुपये की गैस सब्सिडी हस्तांतरित की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस राशि का सीधा लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाया।

इस योजना का उद्देश्य प्रदेश की पात्र महिलाओं को घरेलू रसोई गैस की सुविधा किफायती दर पर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महंगाई के बीच गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है तथा उनके घरेलू बजट पर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का प्रभाव कम हो रहा है।

मुख्यमंत्री द्वारा जारी की गई ताजा सब्सिडी राशि को मिलाकर अब तक प्रदेश की 14 लाख 65 हजार पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 359 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है।

सरकार का कहना है कि योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को नियमित रूप से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। डीबीटी के माध्यम से सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचने से योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होती है।

‘हर घर-हर गृहिणी योजना’ को महिला कल्याण और परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...