हवाई अड्डों पर नागरिक उड़ान संचालन अस्थायी रूप से बंद किया,भारतीय रेल ने चलाईं विशेष गाड़ियां

@ नई दिल्ली :-

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और संबद्ध विमानन प्राधिकरणों ने परिचालन संबंधी कारणों से 9 से 14 मई 2025 (जो 15 मई 2025 को 0529 आईएसटी के अनुरूप है) तक उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों को सभी तरह के नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा करते हुए नोटिस टू एयरमैन (नोटम) की एक श्रृंखला जारी की है। इस नोटम से निम्नलिखित हवाई अड्डे प्रभावित हैं:

अधमपुर, अम्बाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर),सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस, उत्तरलाई.

इस अवधि के दौरान इन हवाई अड्डों पर सभी नागरिक उड़ान गतिविधियाँ बंद रहेंगी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने परिचालन संबंधी कारणों से दिल्ली और मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्रों के भीतर हवाई यातायात सेवा (एटीएस) मार्गों के 25 खंडों के अस्थायी रूप से बंद रहने की अवधि को भी बढ़ा दिया है।

नोटम जी0555/25 (जो जी0525/25 की जगह लेता है) के अनुसार, 25 मार्ग खंड 14 मई 2025 को 2359 यूटीसी (जो 15 मई 2025 को 0529 IST के अनुरूप है) तक जमीनी स्तर से असीमित ऊंचाई तक के लिए अनुपलब्ध रहेंगे।

एयरलाइंस और फ्लाइट ऑपरेटरों को मौजूदा हवाई यातायात परामर्श के अनुसार वैकल्पिक रूटिंग की योजना बनाने की सलाह दी गई है। सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यवधान को कम करने के लिए संबंधित एटीसी इकाइयों के समन्वय में अस्थायी बंद का प्रबंधन किया जा रहा है।

भारतीय रेल ने जम्मू और चंडीगढ़ एयरपोर्ट बंद होने के कारण फंसे यात्रियों के लिए चलाईं विशेष गाड़ियां

जम्मू और चंडीगढ़ एयरपोर्ट के बंद होने के चलते प्रभावित हुए यात्रियों की सुविधा हेतु भारतीय रेल ने विशेष गाड़ियों की व्यवस्था की है।इस विषय में रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा स्थिति का पूर्ण जायजा लेने के बाद अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष रेल सेवाएं चलाई जाएं।

रेल मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रियों को त्वरित राहत प्रदान की जाए और आवश्यकतानुसार नियमित गाड़ियों के अतिरिक्त विशेष गाड़ियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।

इन निर्देशों के अनुपालन में भारतीय रेल द्वारा दिनांक 9 मई, 2025 को जम्मू तथा उधमपुर से कुल पाँच विशेष गाड़ियों का संचालन/योजना की गई।

  1. गाड़ी संख्या 04612 का परिचालन जम्मू स्टेशन से प्रातः 10:45 बजे किया गया। इस गाड़ी में 12 अनारक्षित और 12 आरक्षित श्रेणी के कोच लगाए गए थे।
  2. 20 कोच वाली वंदे भारत विशेष एक्सप्रेस दोपहर 12:45 बजे उधमपुर से रवाना हुई, जो जम्मू और पठानकोट होते हुए नई दिल्ली पहुंची।
  3. 22 एलएचबी कोच वाली विशेष गाड़ी का संचालन शाम 7:00 बजे जम्मू स्टेशन से किया गया।
  4. एक अन्य वंदे भारत विशेष गाड़ी दोपहर 3:30 बजे जम्मू से रवाना हुई, जो संध्या में नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
  5. गुवाहाटी के लिए विशेष गाड़ी (मुख्यतः 19 अनारक्षित एवं 3 आरक्षित कोचों सहित) का परिचालन जम्मू स्टेशन से आज रात 23:55 बजे (9 मई) प्रस्तावित है, जो उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए गुवाहाटी जाएगी।

भारतीय रेल ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि आगामी दिनों में यात्रियों की संख्या अथवा मांग में वृद्धि होती है, तो स्थिति की सतत समीक्षा करते हुए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त विशेष गाड़ियों का संचालन किया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और सुलभ यात्रा विकल्प उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...