@ नई दिल्ली :-
सरकार के प्रमुख डिजिटल सार्वजनिक खरीद प्लेटफ़ॉर्म, गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (GeM) ने वित्त वर्ष 2024-25 में सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस अवधि में GeM के माध्यम से 10 लाख से अधिक लोगों को रोजगार की सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ 1.3 करोड़ से अधिक व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य, जीवन और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवरेज सुनिश्चित किया गया, जो सामाजिक सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

जनवरी 2022 में आरंभ की गई बीमा सेवाओं की श्रेणी का उद्देश्य सरकारी खरीद प्रणाली में बीमा सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और लागत-कुशल बनाना रहा है। GeM पर केवल भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण द्वारा अनुमोदित सेवा प्रदाताओं को सूचीबद्ध किया जाता है जिससे यह एक विश्वसनीय और प्रभावशाली प्लेटफार्म के रूप में स्थापित हो चुका है।
GeM के माध्यम से सरकारी संस्थान अब ग्रुप मेडिक्लेम, टर्म इंश्योरेंस और पर्सनल एक्सीडेंट कवरेज जैसी बीमा सेवाओं को सीधे और सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इससे क्रय प्रक्रियाओं में सहजता, प्रीमियम लागत में कमी और समयबद्ध सेवा वितरण संभव हुआ है।
GeM के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय भादू ने इस उपलब्धि पर कहा कि GeM अपने प्लेटफॉर्म को बेहतर बनाने और सरकारी खरीदारों के लिए सहज, सुरक्षित और पारदर्शी खरीद प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। 1.3 करोड़ से अधिक लोगों को बीमा कवरेज प्रदान करने का यह आंकड़ा दर्शाता है कि सरकारी संस्थान, GeM को न केवल खरीद के लिए, बल्कि सामाजिक सुरक्षा के एक प्रभावशाली माध्यम के रूप में भी अपना रहे हैं।
GeM की बीमा सेवाओं का एक प्रमुख लाभ यह है कि यह सरकारी खरीदारों और बीमा प्रदाताओं के बीच सीधे लेन-देन की सुविधा प्रदान करता है और इसमें बिचौलियों के लिए कोई जगह नहीं है। इस सुव्यवस्थित दृष्टिकोण ने प्रक्रिया को काफी हद तक तेज कर दिया है और साथ ही बीमा प्रीमियम को भी कम कर दिया है जिससे सरकारी संगठनों के लिए लागत बचत सुनिश्चित हुई है।
GeM ने जीवन और स्वास्थ्य बीमा के साथ-साथ अब संपत्ति बीमा, माल परिवहन एवं समुद्री बीमा, देयता बीमा, पशुधन बीमा, मोटर बीमा, फसल बीमा और साइबर बीमा जैसी सेवाओं को भी अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया है। यह एकीकृत प्लेटफार्म सरकारी खरीदारों को विविध आवश्यकताओं के अनुसार बीमा सेवाएं उपलब्ध कराता है, जिससे प्रवेश की सरलता, लागत में पारदर्शिता और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो रहा है।
