जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की चौकस व्यवस्था

@ श्रीनगर जम्मू और कश्मीर :-

जम्मू-कश्मीर में जारी पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रामबन जिले में व्यापक चिकित्सा प्रबंध किए हैं। यात्रा मार्ग पर बनिहाल के चंदेरकोट, लैंबर और अन्य प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल कैंप, मिनी अस्पताल, एंबुलेंस तथा 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं को निशुल्क चिकित्सा परामर्श, दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं दी जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, लैंबर स्थित मिनी अस्पताल में अब तक 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं का उपचार किया जा चुका है। यहां डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें चौबीसों घंटे तैनात हैं। रक्तचाप, प्राथमिक जांच, आपात उपचार और आवश्यक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। चंदेरकोट सहित अन्य चिकित्सा केंद्रों पर भी बड़ी संख्या में यात्री स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

विभाग ने यात्रा मार्ग के प्रत्येक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों और एंबुलेंस की व्यवस्था की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही, सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्पलाइन नंबर और आवश्यक सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।

मध्य प्रदेश के खरगोन से आए श्रद्धालु नारायण सैपट्टा ने बताया कि यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने पर मेडिकल कैंप में उन्हें तुरंत उपचार और दवाइयां मिलीं, जिससे उनकी परेशानी दूर हो गई। वहीं महाराष्ट्र के नागपुर से पहुंचे श्रद्धालु धीरज ने कहा कि दर्शन के बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर उन्हें यात्रा मार्ग पर स्थापित चिकित्सा केंद्र में निजी अस्पताल जैसी सुविधाएं मिलीं और पूरा इलाज निशुल्क किया गया।

श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य विभाग की तत्परता, डॉक्टरों के सहयोगी व्यवहार और सुदृढ़ चिकित्सा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...