जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भागीदार बनीं डॉ. अर्चना नौटियाल

@ कमल उनियाल उत्तराखंड :-

मुख्यमंत्री-उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन योजना के तहत उत्तराखण्ड राज्य के चालीस प्राध्यापकों के एक दल ने 15 से 20 सितम्बर 2025 तक जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर (MMTTC) में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भक्त दर्शन राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय की भूगोल विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना नौटियाल भी सम्मिलित हुईं।

छह दिवसीय इस प्रशिक्षण में शिक्षण विधियों, आधुनिक शैक्षिक तकनीकों और वैश्विक शैक्षिक दृष्टिकोणों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रमुख विषयों में मानविकी विषयों में फील्ड सर्वे, भारत में शिक्षा और इसके बदलते आयाम, NEP 2020 का उद्देश्य, फ्यूचरिस्टिक रिसर्च, शिक्षा में ICT का महत्व और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का समाज पर प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

इस दौरान, प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और पुस्तकालय का भ्रमण किया और विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत दिल्ली के प्रमुख स्थानों जैसे राष्ट्रीय संग्रहालय, इंडिया गेट, लाल किला, लोटस टेम्पल और अक्षरधाम मंदिर का भी दौरा किया गया, जो कार्यक्रम का महत्वपूर्ण भाग था।

कार्यक्रम के अंतिम दिन MMTTC के डायरेक्टर प्रो. रवि शेखर ने सफल प्रशिक्षण के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उन्हें इस प्रशिक्षण को अपने व्यावहारिक जीवन में लागू करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और उन्नयन में योगदान दे सकें। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखण्ड राज्य के उच्च शिक्षा के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा , जो प्राध्यापकों को न केवल शिक्षण में नवीनतम तकनीकों से अवगत कराता है, बल्कि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए भी तैयार करता है। समस्त प्राध्यापकों ने उत्तराखण्ड सरकार और MMTTC को इस मूल्यवान अनुभव के लिए धन्यवाद दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों को डॉ. अर्चना नौटियाल ने महाविद्यालय के प्राध्यापकों से साझा किया और इस प्रकार के आयोजनों के महत्व को उजागर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...