@ नई दिल्ली :-
कड़कड़डूमा कोर्ट शाहदरा बार एसोसिएशन के हाल ही में सम्पन्न हुए चुनाव में अधिवक्ताओं ने एक स्वर में अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। इस चुनाव में सेक्रेट्री पद पर नरवीर डबास ने प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। नरवीर डबास को कुल 2408 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रमन शर्मा को 1289 मत ही मिले। यह अंतर न केवल मतों का था, बल्कि अधिवक्ताओं के विश्वास और समर्थन का भी परिचायक रहा।

‘कद’ और ‘पद’ की नई परिभाषा रचने वाले नरवीर डबास
कहते हैं, ‘कद’ और ‘पद’ कभी-कभी समाज में भ्रम पैदा कर देते हैं। कई बार हम ‘पद’ को ही ‘कद’ का मानक मान लेते हैं। मगर जब कोई व्यक्ति अपने स्वभाव, व्यवहार, और कर्म के माध्यम से जन-जन के हृदय में स्थान बना ले, तब वह ‘पद’ से कहीं बड़ा हो जाता है। ठीक वैसे ही जैसे हिमालय की गोद में भगवान बद्रीनाथ के एक ओर स्थित नर पर्वत और दूसरी ओर नारायण पर्वत — दोनों के कद बड़े हैं, पर वे पद और कद के भाव से निर्लिप्त रहकर तपस्यारत हैं।
नरवीर डबास भी ऐसी ही विभूतियों में एक हैं। वे सदैव मृदुभाषी, सृजनशील, वाकपटु और विनम्र स्वभाव के धनी रहे हैं। भीड़ में अलग दिखाई देने वाली यह शख्सियत बिना किसी पद के भी सम्मानित थी, और अब अधिवक्ताओं के समर्थन से बार एसोसिएशन के सेक्रेट्री पद पर आसीन होकर कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर के अधिवक्ता समुदाय का नेतृत्व करने जा रही है।

अन्य विजेताओं में वीके सिंह बने अध्यक्ष
इस बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद पर वीके सिंह ने बाज़ी मारी। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदियों को पछाड़ते हुए अधिवक्ताओं का विश्वास प्राप्त किया।
वहीं अन्य पदों पर विजेता इस प्रकार रहे:
वरिष्ठ उपाध्यक्ष : अमित कैंन
उपाध्यक्ष : अमित तंवर
उपाध्यक्ष महिला : सुनीता बंसल
एडिशनल सेक्रेट्री : अवध प्रताप सिंह
एडिशनल सेक्रेट्री महिला : प्रियंका अग्रवाल
ज्वाइंट सेक्रेट्री : हर्षदीप बेनीवाल
कोषाध्यक्ष : ज्योति सिंह
मेंबर इंचार्ज लाइब्रेरी: सुशील भाटी
मेंबर एग्जिक्यूटिव: सनफ खान एवं सुमित वर्मा
मेंबर एक्जीक्यूटिव महिला : लता भाटी
अधिवक्ताओं ने उम्मीदें जताई
कड़कड़डूमा कोर्ट के अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई है कि नवनिर्वाचित टीम न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के हित में निर्णायक कार्य करेगी। खासतौर पर नरवीर डबास के नेतृत्व में अधिवक्ता समुदाय को एक नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उनकी सादगी, व्यवहारकुशलता और नेतृत्व क्षमता से सभी को आशाएं हैं कि वे बार और बेंच के मध्य सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखेंगे।

