@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा माह अक्टूबर में साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए प्रदेशव्यापी अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्तरों पर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए संभाग, जोन, जिला, तहसील, अनुभाग, थाना एवं ग्राम स्तर तक साइबर जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। स्कूल-कॉलेज, तकनीकी संस्थान, पंचायत, स्वास्थ्य केंद्र, अस्पताल, बैंक, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, पेट्रोल पंप, शासकीय कार्यालय और धार्मिक स्थलों सहित बड़ी संख्या में सार्वजनिक स्थानों को अभियान से जोड़ा गया।
1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल का व्यापक प्रचार
अभियान के दौरान नागरिकों को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। राज्य साइबर पुलिस द्वारा तैयार साइबर जागरूकता स्टेण्डी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाई गईं, ताकि नागरिकों को साइबर अपराध की रिपोर्टिंग के लिए उपलब्ध आधिकारिक माध्यमों की जानकारी आसानी से मिल सके। अभियान की सभी प्रमुख गतिविधियों में CyberDost, हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in का प्रचार-प्रसार किया गया।
युवाओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए किया जागरूक
प्रदेश के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, तकनीकी संस्थानों एवं लाइब्रेरी में व्याख्यान, कार्यशालाएं, सेमिनार, क्विज, शपथ, पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिताएं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के सामान्य तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।

सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम बने जागरूकता का प्रभावी माध्यम
साइबर सुरक्षा संबंधी फोटो, वीडियो, ऑडियो, बैनर, पेम्पलेट, एडवायजरी, पॉडकास्ट एवं इंटरव्यू का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। पुलिस एवं विभिन्न शासकीय विभागों के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के साथ स्थानीय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स एवं प्रसिद्ध व्यक्तियों को भी अभियान से जोड़ा गया।
आकाशवाणी, एफएम चैनल, दूरदर्शन एवं स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से साइबर जागरूकता संदेश, वीडियो क्लिप, जिंगल, पॉडकास्ट एवं इंटरव्यू प्रसारित किए गए। सिनेमा हॉल सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी साइबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं वीडियो प्रदर्शित किए गए।
नवरात्रि उत्सव और सार्वजनिक आयोजनों का भी किया गया उपयोग
नवरात्रि उत्सव सहित विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से भी नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। पूजा पंडालों में लाउडस्पीकर के माध्यम से साइबर जागरूकता संदेश एवं जिंगल प्रसारित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में साइबर जागरूकता संबंधी झांकियां, नाटक एवं रंगोली जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। पुलिस अधिकारियों, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स एवं प्रसिद्ध व्यक्तियों के वीडियो संदेश और रील्स भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए।

साइबर जागरूकता रन, रैली और नुक्कड़ नाटकों से दिया संदेश
अभियान के दौरान साइबर जागरूकता रन, मैराथन एवं रैलियों का आयोजन कर आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सार्वजनिक स्थलों, व्यस्त बाजारों, हाट-बाजारों एवं शॉपिंग मॉल्स में स्टेण्डी, पोस्टर एवं पेम्पलेट के माध्यम से महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा संदेश प्रदर्शित किए गए। नुक्कड़ नाटकों एवं जनसंवाद के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव के व्यवहारिक उपाय बताए गए।
ग्राम पंचायतों और साइबर चौपाल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच
अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, राशन वितरण केंद्र, कृषि उपज मंडी, हाट बाजार एवं धार्मिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम सभा एवं साइबर चौपाल के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय कर्मचारियों के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संदेशों का प्रसार किया गया। कोटवारों द्वारा मुनादी के माध्यम से नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in के संबंध में जानकारी दी गई।

सुरक्षित डिजिटल समाज के लिए सतत जनभागीदारी पर जोर
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत मध्यप्रदेश पुलिस का यह अभियान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की दिशा में एक व्यापक जनजागरूकता पहल रहा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में बिना विलंब आधिकारिक माध्यमों से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
