@ पटना बिहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1, अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में 7 निश्चय पार्ट-3 के तहत ‘सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन’ के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र (Specialty Hospital) तथा जिला अस्पतालों को अति विशिष्ट चिकित्सा केंद्र (Super Specialty Hospital) के रूप में यथाशीघ्र विकसित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में बेहतर शिक्षा और उपचार के लिए लोक-निजी भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र के अस्पतालों को राज्य में नए अस्पताल स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य लोगों को सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। सभी का जीवन आसान और सुविधापूर्ण बने, इसके लिए पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
