मुख्यमंत्री ने प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत ऊना जिला महिलाओं को रुपए जारी किए

@ शिमला हिमाचल

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऊना जिले के हरोली स्थित कांगड़ मैदान में आयोजित समारोह में 7,280 महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख- सम्मान निधि के तहत 4500-4500 रुपए तीन महीने की सम्मान निधि के रूप में 3.27 करोड़ रुपए जारी किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थी महिलाओं को चेक भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 18 से 59 वर्ष आयु की 48 हजार से अधिक महिलाओं को 4500-4500 रुपए तीन महीने की सम्मान-निधि के तौर पर जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस योजना के तहत 23 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेश की महिलाओं को योजना के बारे में लगातार गुमराह कर इसे लागू करने में अड़ंगे लगाती रही।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर बार-बार पूछते थे कि महिलाओं को 1500 रुपए कब मिलेंगे लेकिन हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर महिलाओं को सम्मान निधि प्रदान की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को प्रति वर्ष 6,000 रुपए प्रदान कर रही है, जबकि प्रदेश कांग्रेस सरकार 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 18,000 प्रति वर्ष प्रदान कर रही है, ताकि वे स्वाभिमान के साथ जीवन-यापन कर अपने खर्र्चों के लिए अन्यों पर निर्भर न रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर महीने पात्र महिलाओं को 1500 रुपए प्रदान करना सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार कभी भी चुनाव को देखकर राजनीति नहीं करतीे, बल्कि जन-सेवा ही हमारा एकमात्र ध्येय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जय राम ठाकुर कहते थे कि 4 जून को प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी, लेकिन जिन विधायकों ने कांग्रेस पार्टी को धोखा दिया उन्हें प्रदेश की जनता ने अब घर बिठा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में फिर तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने जा रहे हैं और अब जनता के निर्णय का सम्मान न करने वाले तीन पूर्व विधायकों को निश्चित तौर पर मतदाता सबक सिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए 2,000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं मंजूर करवाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरोली विधानसभा क्षेत्र में 1,000 करोड़ रूपये की लागत से ब्लक ड्रग पार्क स्थापित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने हिमकेप्स लॉ एवं नर्सिंग कॉलेज बढेड़ा में जीएनएम की सीटें 40 से बढ़ाकर 60 करने की घोषणा की। उन्होंने दुलैहड़ पार्क तथा बीटन मैदान के सुधार के लिए 50-50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उप-मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में विकासात्मक घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उप-मुख्यमंत्री की दिवंगत धर्मपत्नी डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री को याद करते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह विश्वविद्यालय में उनकी सहपाठी रहीं, उनके असामयिक निधन से मुझे व्यक्तिगत तौर पर क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन से जुड़े सभी लोगों के परिवार समाज सेवा में लगे रहते हैं। डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री महिलाओं की आवाज हमेशा उठाती रही हैं और महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान निधि प्रदान करना कांग्रेस सरकार की ओर से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनेता का वायदा सबसे बड़ा भरोसा होता है। वे 25 साल से इस क्षेत्र से विधायक हैं तथा लगातार उनकी मत प्रतिशतता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के बाद प्रदेश के नालागढ़, हमीरपुर और देहरा विधानसभा क्षेत्रों में भी महिलाओं को सम्मान निधि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस निधि को और बढ़ाया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सता मंे आने के पहले दिन से ही महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर ठोस प्रयास कर रहे हैं। शपथ लेने के बाद वह सबसे पहले बालिका आश्रम टूटीकंडी गए और अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाने के लिए कानून बनाकर उनकी देखभाल का जिम्मा राज्य सरकार को दिया और मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की शुरूआत कर 4000 बच्चों की शिक्षा और देखरेख प्रदान की।
इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टु, उपायुक्त जतिन लाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...