नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन से सीमांत पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

@ देहरादून उत्तराखंड :-

उत्तराखण्ड पर्यटन विभाग एवं भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आगामी 31 मई एवं 01 जून 2026 को सीमांत नीति घाटी में “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उच्च हिमालयी साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
भारत-तिब्बत सीमा के निकट स्थित नीति घाटी अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, उच्च हिमालयी भू-भाग एवं समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जानी जाती है। “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” के माध्यम से देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को इस क्षेत्र की प्राकृतिक भव्यता, रोमांचकारी ट्रैक एवं स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि साहस, धैर्य, सहनशीलता एवं अन्वेषण की भावना का उत्सव है। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में सतत पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना भी है। आयोजन के दौरान स्थानीय होमस्टे, पारंपरिक उत्पाद एवं पर्यटन आधारित गतिविधियों को नई पहचान मिलने की संभावना है।प्रतिभागियों एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए आवास, चिकित्सा, संचार, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
भारतीय सेना, ITBP और पर्यटन विभाग द्वारा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया जा रहा है । साथ ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...