@ कमल उनियाल उत्तराखंड :-
भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल की नमामि गंगे इकाई द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा (16 मार्च से 31 मार्च 2026) के अंतर्गत 23 मार्च 2026 को राजकीय प्राथमिक विद्यालय गुमखाल एवं गुमखाल बाजार में एक जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।

महाविद्यालय की नमामि गंगे टीम के सदस्यों ने इस नाटक के माध्यम से स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय गुमखाल की अध्यापिका रानी सत्यभामा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी इस नाटक का आनंद लिया। वहीं गुमखाल बाजार में उपस्थित व्यवसायियों और यात्रियों ने भी इस सांस्कृतिक प्रस्तुति की सराहना की।
प्राचार्य प्रो. डॉ. एल. आर. राजवंशी ने इस आयोजन को जन-जागरूकता की दृष्टि से अहम बताते हुए कहा, गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना है। स्वच्छता पखवाड़ा जैसे आयोजन न केवल गंगा की स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव भी रखते हैं। कार्यक्रम के नोडल वरुण कुमार ने बताया कि नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं गंगा नदी की स्वच्छता में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। उन्होंने कहा, युवाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवेश में स्वच्छता का संदेश पहुँचाने की यह पहल सराहनीय है। स्थानीय लोगों एवं विद्यालय की शिक्षिका रानी सत्यभामा जी के सहयोग ने इस आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की टीम ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखें और राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन के इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ विरेंद्र सैनी, डॉ प्रीति रावत,डॉ विनीता देवी, डॉ शुऐब अजीम अंसारी, प्रयोगशाला सहायक हिमानी धीमान,आदि मौजूद रहे।


