@ नई दिल्ली :-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लंका के राष्ट्रपति महामहिम अनुरा कुमारा दिसानायका के साथ अनुराधापुरा में भारतीय सहायता से निर्मित दो रेलवे परियोजनाओं के उद्घाटन और शुभारंभ समारोह में भाग लिया।

नेताओं ने 91.27 मिलियन अमरीकी डॉलर की भारतीय सहायता से नवीनीकृत 128 किलोमीटर लंबी माहो-ओमानथाई रेलवे लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद माहो से अनुराधापुरा तक 14.89 मिलियन अमरीकी डॉलर की भारतीय अनुदान सहायता से बनायी जा रही एक उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली के निर्माण का शुभारंभ किया।
भारत-लंका विकास साझेदारी के तहत कार्यान्वित ये ऐतिहासिक रेलवे आधुनिकीकरण परियोजनाएँ लंका में उत्तर-दक्षिण रेल संपर्क को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं। इससे देश भर में यात्री और माल यातायात दोनों की तेज़ और कुशल आवाजाही की सुविधा होगी।
