@ भोपाल मध्यप्रदेश :-
“मुख्य सचिव महोदय, मध्यप्रदेश शासन” द्वारा 26-11-2026 को आयोजित बैठक में समस्त बैंकों को MRM एवं GRM पोर्टल की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

उक्त निर्देशों के पालन में राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस एवं बैंकिंग संस्थानों के मध्य तकनीकी एवं संस्थागत समन्वय सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रेडियो मुख्यालय कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस एवं प्रदेश के विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, साइबर द्वारा की गई।
बैठक में NCRP पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, संदिग्ध एवं म्यूल बैंक खातों पर कार्रवाई, ठगी की राशि को HOLD/LIEN कराने, पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने तथा डिजिटल साक्ष्यों एवं बैंकिंग अभिलेखों की समयबद्ध उपलब्धता के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही MRM एवं GRM पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निराकरण और त्वरित कार्रवाई हेतु बैंकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अंशुमान यादव, उप-महानिरीक्षक (DIG) विनीत कपूर, पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा, पुलिस अधीक्षक (इंदौर) रुपेश द्विवेदी, डायरेक्टर साइबर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) प्रांजलि शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक (DSP) वीरेंद्र चौहान (प्रशासन), नरेंद्र रघुवंशी (इंदौर), आशीष भराडे, मंजू चौहान, अंजली रघुवंशी सहित स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के अधिकारी-कर्मचारी तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न बैंकों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर वित्तीय अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं पीड़ितों की धनराशि सुरक्षित कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2024 से जुलाई 2026 तक प्रदेश में 1,80,887 साइबर शिकायतों में लगभग ₹1,507.27 करोड़ की धोखाधड़ी दर्ज हुई, जिनमें त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग ₹301.59 करोड़ की राशि सुरक्षित कराई गई। इसी क्रम में मुख्य सचिव महोदय द्वारा MRM एवं GRM पोर्टल की प्रगति तथा प्रदेशव्यापी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।

बैठक में इंदौर के एक प्रकरण का विशेष उल्लेख किया गया, जिसमें संबंधित बैंक द्वारा समय पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने, खाताधारक की धनराशि को त्रुटिपूर्ण तरीके से फ्रीज करने तथा उसकी शिकायत (Grievance) पर निर्धारित समय में सुनवाई नहीं किए जाने का मामला सामने आया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव महोदय द्वारा संबंधित बैंक अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के नाम पर निर्दोष खाताधारकों की धनराशि को बिना उचित आधार एवं निर्धारित प्रक्रिया के फ्रीज करना अथवा उनकी शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं करना स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक कार्रवाई तथ्यों के परीक्षण एवं नियमानुसार उचित प्रक्रिया अपनाकर ही की जानी चाहिए।
पुलिस-बैंक समन्वय पर विशेष जोर:-बैठक में साइबर धोखाधड़ी की राशि को तत्काल HOLD/LIEN कराने, संदिग्ध लेन-देन की जांच, डिजिटल साक्ष्यों एवं बैंकिंग अभिलेखों का समयबद्ध संधारण तथा NCRP, MRM एवं GRM पोर्टल पर लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर वित्तीय अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

MRM (Money Restoration Module/ धन वापसी मॉड्यूल)
साइबर ठगी की राशि के लेन-देन में प्रयुक्त ‘म्यूल बैंक खातों’ (Mule Accounts) की तत्काल पहचान कर उन्हें फ्रीज करने और संदिग्ध खातों की जानकारी अविलंब साइबर सेल से साझा करने के निर्देश सभी बैंकों को दिए गए हैं, ताकि धोखाधड़ी की राशि को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सके।
GRM (Grievance Restoration Module / शिकायत निवारण एवं पुनर्स्थापन मॉड्यूल)
साइबर धोखाधड़ी से पीड़ित नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने हेतु सभी बैंकों को ‘गोल्डन आवर’ में प्राप्त होल्ड/फ्रीज अनुरोधों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा लंबित रिफंड (राशि वापसी) प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
सायबर अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान
ऑपरेशन MATRIX (Mule Account Network के विरुद्ध कार्यवाही)
सायबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों एवं उनके संचालकों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए प्रथम चरण में 3,330 संदिग्धों की पहचान की गई। इस दौरान 65 एफआईआर दर्ज कर 95 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 79 मोबाइल फोन, 80 सिम कार्ड, 107 एटीएम कार्ड, फर्जी आधार एवं पैन कार्ड, 3 चेकबुक, 9 बैंक किट, नकदी एवं अन्य सामग्री जब्त की गई। साथ ही म्यूल खातों में लगभग ₹13 लाख की राशि फ्रीज कराई गई| ऑपरेशन MATRIX 2.0 वर्तमान में जारी है |
सायबर जागरूकता अभियान – SAFE CLICK
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा SAFE CLICK अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न संस्थानों में सायबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को सायबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा सायबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
खाते को सुरक्षित रखने संबंधी सावधानियां :-
- अपना OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN एवं इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
- अनजान कॉल, SMS, WhatsApp संदेश एवं ई-मेल में प्राप्त लिंक पर क्लिक न करें।
- KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने या खाते में पैसा प्राप्त करने के नाम पर आने वाले फर्जी संदेशों से सावधान रहें।
- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें।
- पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती, अतः अनजान Collect Request स्वीकार न करें।
- अपना ATM कार्ड, बैंक खाता, पासबुक या इंटरनेट बैंकिंग किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग हेतु न दें।
- नियमित रूप से बैंक खाते के लेन-देन की जांच करें तथा SMS अलर्ट चालू रखें।
- सायबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
