@ नई दिल्ली :-
राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में सीमा सुरक्षा बल (BSF) का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है। इसी कड़ी में सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी, भा.पु.से. की अध्यक्षता में दिनांक 26 सितंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित बल मुख्यालय में “हिंदी समारोह” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ज्ञान की देवी माता शारदा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण के साथ हुआ। इसके उपरांत केंद्रीय विद्यालय, सीमा सुरक्षा बल, छावला की छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु महानिदेशक द्वारा स्मृति-चिह्न एवं नगद राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की गई।
इस अवसर पर महानिदेशक ने राजभाषा अपील का विमोचन किया तथा वर्ष भर हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले फ्रंटियर मुख्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं निदेशालयों को राजभाषा शील्ड से सम्मानित किया।
- फ्रंटियर मुख्यालय श्रेणी में पंजाब, मेघालय और राजस्थान क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
- प्रशिक्षण संस्थानों में सीमा सुरक्षा बल अकादमी ग्वालियर, केन्द्रीय आयुध एवं युद्ध कौशल विद्यालय इंदौर, तथा सहायक प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- निदेशालयों की श्रेणी में प्रशासन, कार्मिक और रसद निदेशालय ने क्रमशः शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए।

साथ ही, हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कुल 28 कार्मिकों को महानिदेशक महोदय द्वारा नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने कहा कि राजभाषा हिंदी हमारी एकता की पहचान है और सरकारी कार्यों में इसका अधिकाधिक प्रयोग न केवल दक्षता बढ़ाता है बल्कि भारतीयता की भावना को भी प्रबल करता है। उन्होंने हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित विविध कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी तथा सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कार्मिकों का अपना अधिकाधिक कार्य हिंदी में करने के लिए प्रोत्साहित एवं प्रेरित किया।

