@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि बिहार राज्य में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा, कल्याण, पुनर्वास, सामाजिक उत्थान, शिकायतों के निवारण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के गठन का विभाग को निर्देश दिया है। यह आयोग सफाई कर्मियों के हितों से संबंधित सुझाव, उनके अधिकारों की सुरक्षा के संबंध में सरकार को सुझाव देगा तथा सफाई कार्यों में लगे लोगों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उसे लागू करवाने हेतु समुचित कार्रवाई करेगा। बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष एवं पांच सदस्य होंगे, जिनमें एक महिला/ट्रांसजेंडर होंगे। यह आयोग राज्य में सफाई कार्यों से जुड़े समाज के वंचित वर्ग के लोगों को मुख्य धारा में जोड़ने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा पटना संग्रहालय के नवनिर्मित गंगा गैलरी, पाटली गैलरी एवं प्रेक्षा गृह का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और वहां लगाये गये प्रदर्शों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पटना संग्रहालय का उन्नयन एवं विस्तारीकरण कार्य बेहतर ढंग से किया जा रहा है। यह पुराना संग्रहालय है। यहां पर कई महत्वपूर्ण पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक प्रदर्श रखे गए हैं, उनका रख-रखाव और बेहतर ढंग से हो इसलिए भवन का विस्तारीकरण किया गया है। संग्रह को बेहतर ढंग से प्रदर्शित करने और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से इस संग्रहालय का विस्तार किया गया है। गंगा गैलरी, पाटली गैलरी एवं प्रेक्षा गृह अच्छा बना है। लोग यहां आकर प्रदर्शों को आकर देख सकेंगे और उन्हें कई विशिष्ट जानकारियां प्राप्त होंगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार संग्रहालय तथा पटना संग्रहालय को जोड़नेवाली निर्माणाधीन टनल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टनल निर्माण का कार्य जल्द पूर्ण करें, जिससे बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय के दर्शक आसानी से एक जगह से दूसरी जगह जाकर प्रदर्शों का अवलोकन कर सकें। उन्होंने कहा कि टनल का बेहतर ढंग से निर्माण कराएं ताकि इलेक्ट्रिक वाहन के साथ-साथ पैदल पर्यटक आसानी से पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय आवागमन कर सकें। बिहार संग्रहालय अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया गया है। पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय में बड़ी संख्या में पर्यटक आते रहते हैं। पटना संग्रहालय और बिहार संग्रहालय के बीच टनल का निर्माण कार्य पूर्ण होने से पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी।

किशनगंज के जिलाधिकारी विशालराज की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क् फोर्स /अधिप्राप्ति टास्क फोर्स की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा नगर क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जल निकासी हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये।

रोहतास की जिलाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त 03 द्वितीय अपीलीय मामलों की सुनवाई हुई। उन्होंने मामलों की सुनवाई कर समाधान हेतु उचित कार्रवाई के निर्देश दिये।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में खरीफ फसलों की रोपनी, उर्वरक आपूर्ति, मिट्टी जांच, गव्य विकास, लघु सिंचाई योजनाएं, पौधा संरक्षण तथा मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि नवादा एवं रजौली अनुमंडल में धान की रोपनी लक्ष्य के सापेक्ष 24.17 प्रतिशत एवं 22.73 प्रतिशत की प्रगति दर्ज की गई। उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है तथा कालाबाजारी की रोकथाम हेतु नियमित छापेमारी के निर्देश दिए गए।

शेखपुरा के जिलाधिकारी आरिफ अहसन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला के 32वें स्थापना दिवस को लेकर बैठक हुई। उन्होंने स्थापना दिवस के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये।