संजय सिंघल(IPS) ने ITBP के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला

@ नई दिल्ली :-

भारतीय पुलिस सेवा के 1993 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ अधिकारी संजय सिंघल, आईपीएस ने भारत सरकार के आदेशानुसार , 01 नवंबर 2026 (पूर्वाह्न) को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया।

बल मुख्यालय, नई दिल्ली में कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर सिंघल ने सुसज्जित सम्मान गारद की सलामी ली तथा उसका निरीक्षण किया।

इस अवसर पर संजय गुंज्याल, आईपीएस, अपर महानिदेशक (मुख्यालय) सहित बल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सिंघल ने शत्रुजीत कपूर, आईपीएस का स्थान लिया है, जो भारतीय पुलिस सेवा में अपने विशिष्ट सेवाकाल के उपरांत 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हुए।

सिंघल को पुलिस प्रशासन, सीमा सुरक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। अपने सेवाकाल में उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। साथ ही, मई 2002 से जून 2003 तक उन्होंने कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत भी सेवाएँ दीं।

इससे पूर्व सिंघल आईटीबीपी में उप महानिरीक्षक, सेक्टर मुख्यालय, देहरादून तथा महानिरीक्षक, पूर्वी सीमांत के पदों पर कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा, आसूचना एवं परिचालन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

इसके उपरांत उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में विशेष महानिदेशक के रूप में सेवाएँ दीं। वर्तमान में वे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक का दायित्व भी संभाल रहे हैं।

उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए सिंघल को विशिष्ट सेवा हेतु राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा हेतु पुलिस पदक, कठिन सेवा मेडल तथा कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में योगदान के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया जा चुका है। राज्य पुलिस, अंतरराष्ट्रीय शांति मिशन एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में व्यापक अनुभव रखने वाले सिंघल के नेतृत्व में आईटीबीपी की परिचालन क्षमताओं, आधुनिकीकरण और संस्थागत सुदृढ़ीकरण को नई गति मिलने की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...