ITBP द्वारा सर्व-महिला माउंट एवरेस्ट अभियान–2026 को फ्लैग ऑफ

@ नई दिल्ली :-

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने अपने प्रतिष्ठित सर्व-महिला पर्वतारोहण अभियान–2026 (माउंट एवरेस्ट, 8,848 मीटर) को बल मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में फ्लैग ऑफ किया।

शत्रुजीत कपूर, आईपीएस, महानिदेशक, आईटीबीपी ने इस अवसर की अध्यक्षता की। इस समारोह में संजय गुंज्याल, अपर महानिदेशक (मुख्यालय), वरिष्ठ अधिकारीगण एवं हिमवीर उपस्थित रहे। अभियान दल का नेतृत्व एसी/जीडी भनिता तिमुंगपी कर रही हैं, जिसमें बल की प्रशिक्षित एवं अत्यंत अनुभवी महिला पर्वतारोही शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ फोर्स गीत से हुआ, जिसके उपरांत डीआईजी (प्रशिक्षण) नरेंद्र सिंह ने स्वागत भाषण दिया। अभियान लीडर ने मिशन के उद्देश्यों, मार्ग योजना एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। तत्पश्चात् महानिदेशक महोदय ने अभियान ध्वज सौंपकर औपचारिक रूप से अभियान को फ्लैग ऑफ किया।

उल्लेखनीय है कि इस सर्व-महिला दल के सदस्य पूर्व में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चोटियों को सफलतापूर्वक फतह कर चुके हैं, जो उनकी क्षमता, धैर्य एवं उच्च हिमालयी परिस्थितियों में कार्यकुशलता को दर्शाता है।

अपने संबोधन में महानिदेशक महोदय ने इस अभियान को नारी सशक्तीकरण, साहस, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल माननीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसमें ऐसी सर्व-महिला अभियानों के माध्यम से कठिन क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण एवं नेतृत्व को प्रदर्शित करने पर बल दिया गया है।

आईटीबीपी की पर्वतारोहण क्षेत्र में गौरवपूर्ण परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बल अब तक 231 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चोटियों पर तिरंगा फहरा चुका है, जिनमें माउंट एवरेस्ट पर चार सफल आरोहण भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान केवल साहसिक गतिविधियाँ नहीं हैं, बल्कि ऑपरेशनल तैयारी, सहनशक्ति निर्माण एवं उच्च हिमालयी क्षमता को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, विशेषकर उन परिस्थितियों में जहाँ आईटीबीपी के हिमवीर 18,000 फीट से अधिक ऊँचाई पर अत्यंत प्रतिकूल मौसम में तैनात रहते हैं।

महानिदेशक महोदय ने भनिता तिमुंगपी के नेतृत्व एवं पूरी टीम की क्षमता पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान नेतृत्व, समन्वय एवं धैर्य के नए मानदंड स्थापित करेगा। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि आईटीबीपी में महिला कर्मियों की बढ़ती भूमिका बल की प्रगतिशील सोच का परिचायक है।

महानिदेशक महोदय ने इस अभियान के सफल आयोजन हेतु स्पोर्ट्स डायरेक्टरेट एवं सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा किए गए सूक्ष्म योजना, समन्वय एवं लॉजिस्टिक प्रबंधों की सराहना की।

यह सर्व-महिला अभियान न केवल सफलता का नया अध्याय लिखेगा, बल्कि देशभर की युवतियों को साहस, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित भी करेगा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके उपरांत गणमान्य अतिथियों एवं अभियान दल के साथ समूह छायाचित्र लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...