उत्तराखंड पुलिस की कुम्भ मेला-2027 की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक

@ देहरादून उत्तराखंड :-

आगामी कुम्भ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में आज मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन एवं अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना एवं साइबर सुरक्षा तंत्र सहित विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारम्भ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुम्भ मेला) आयुष अग्रवाल तत्पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा प्रस्तुतिकरण के माध्यम से कुम्भ मेले की तैयारियों एवं निर्धारित कार्ययोजना की जानकारी दी गई। इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक (कुम्भ मेला) योगेन्द्र सिंह रावत एवं मेलाधिकारी, कुम्भ मेला सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों, तैयारियों एवं कार्ययोजनाओं के संबंध में जानकारी एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा

बैठक में कुम्भ के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग प्लान, आपातकालीन निकासी एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, वॉच टावरों की स्थापना तथा बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा एंटी सबोटाज चेकिंग की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

सुरक्षा चुनौतियों एवं संभावित आतंकी गतिविधियों के दृष्टिगत एटीएस, एसटीएफ एवं अभिसूचना इकाइयों की भूमिका, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के मध्य सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही संगठित अपराध एवं अन्य संभावित सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए तकनीकी एवं मानवीय अभिसूचना तंत्र को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

साइबर सुरक्षा एवं आधुनिक तकनीकी संसाधनों पर विशेष जोर

कुम्भ मेला-2027 के दौरान संभावित साइबर सुरक्षा चुनौतियों के दृष्टिगत साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई। सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों, फर्जी सूचनाओं एवं संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सतत निगरानी, साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन एवं एंटी ड्रोन प्रणाली, सर्विलांस, संचार व्यवस्था तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध रूप से स्थापित कर क्रियाशील करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ प्रशिक्षित कार्मिकों एवं विशेषज्ञ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

यातायात, रेलवे एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा

मेला क्षेत्र में यातायात संचालन, पार्किंग स्थलों के चयन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात योजना तथा अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई। अवरोध संभावित स्थलों (बॉटलनेक प्वाइंट्स) को चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।

रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन, जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन, सीसीटीवी निगरानी एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में अग्निशमन सुरक्षा, फायर सेफ्टी परीक्षण, आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रभावी संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

पुलिस बल, आधारभूत संरचनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा

कुम्भ मेले के लिए आवश्यक पुलिस बल एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों का आकलन करते हुए सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता एवं उपलब्धता पर चर्चा की गई। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के साथ समन्वय, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, भोजन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं तथा उनके प्रशिक्षण की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की प्रगति, आवश्यक वाहनों एवं उपकरणों की उपलब्धता, सत्यापन अभियान, सीमावर्ती राज्यों के जनपदों के साथ समन्वय तथा बजट आवंटन, उपकरणों की खरीद एवं आपूर्ति से संबंधित प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर एवं एडीजी प्रशासन द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश

▪️प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के दृष्टिगत प्रभावी भीड़ नियंत्रण, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी एवं आपदा प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी सुरक्षा प्लान का पुनः आकलन कर संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

▪️आतंकवाद एवं अन्य संभावित सुरक्षा चुनौतियों के दृष्टिगत एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस एवं अभिसूचना इकाइयों की आवश्यकता के अनुरूप तैनाती सुनिश्चित की जाए। तकनीकी एवं मानवीय अभिसूचना तंत्र को मजबूत करते हुए सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए।

▪️मेला क्षेत्र, प्रमुख स्नान घाटों एवं रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी, सर्विलांस एवं एंटी सबोटाज चेकिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

▪️साइबर सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करते हुए सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों एवं संदिग्ध गतिविधियों की सतत निगरानी की जाए। साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

▪️इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन एवं एंटी ड्रोन प्रणाली, संचार व्यवस्था तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध रूप से स्थापित कर क्रियाशील किया जाए। आवश्यक तकनीकी संसाधनों एवं प्रशिक्षित कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

▪️पार्किंग स्थलों एवं होल्डिंग एरिया का समय से चयन किया जाए। अत्यधिक भीड़ की स्थिति के लिए वैकल्पिक यातायात योजना तैयार करने के साथ ही अवरोध संभावित स्थलों को चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन की व्यवस्था की जाए।

▪️रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों के नियमन तथा जीआरपी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

▪️कुम्भ मेले के लिए आवश्यक पुलिस बल एवं अन्य संसाधनों की वास्तविक आवश्यकता का आकलन कर समय से मांग एवं उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सीएपीएफ, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस एवं अग्निशमन कर्मियों की आवश्यकता का आकलन किया जाए।

ड्यूटी पर आने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।

▪️कुम्भ ड्यूटी में नियुक्त होने वाले पुलिसकर्मियों का आवश्यक प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। बाहरी राज्यों एवं जनपदों से आने वाले पुलिस बल के साथ समन्वय हेतु बैठकें आयोजित करने तथा सीमावर्ती राज्यों के जनपदों के साथ नियमित समन्वय स्थापित किया जाए।

▪️निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।

▪️कुम्भ मेले में विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवश्यक वाहनों, उपकरणों एवं अन्य संसाधनों का समयबद्ध आकलन कर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बजट आवंटन, क्रय एवं आपूर्ति संबंधी कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाए।

▪️मेला क्षेत्र में प्रभावी सत्यापन अभियान संचालित किया जाए। संभावित सुरक्षा चुनौतियों के दृष्टिगत अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए।

▪️कुम्भ मेला-2027 से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं। प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें।

अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुझाव एवं कार्ययोजनाएं

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस दूरसंचार एवं अग्निशमन विम्मी सचदेवा द्वारा संचार, ICCC एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात एवं जीआरपी कृष्ण कुमार वी.के. द्वारा यातायात एवं रेलवे सुरक्षा, पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण अनन्त शंकर ताकवाले द्वारा पुलिस बल के प्रशिक्षण, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक सुनील मीणा द्वारा जनशक्ति की आवश्यकता एवं नियुक्ति तथा पुलिस महानिरीक्षक, पी एंड एम/मुख्यालय बरिन्दरजीत सिंह द्वारा बजट एवं संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए।

पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनन्द भरणे एवं पुलिस महानिरीक्षक, एसटीएफ/साइबर द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित सुरक्षा चुनौतियों, अभिसूचना, विशेष अभियान, साइबर सुरक्षा एवं तकनीकी निगरानी के संबंध में जानकारी एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना मणिकांत मिश्रा द्वारा सुरक्षा संबंधी तैयारियों एवं अभिसूचना तंत्र के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पौड़ी एवं टिहरी ने अपने-अपने जनपदों से संबंधित व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की जानकारी दी।

बैठक के उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कुम्भ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) एवं अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) द्वारा पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनन्द भरणे द्वारा थाने चौकियों , घाटों , हर की पैड़ी पर बने अस्थाई पुलों, संकरे मार्गो आदि पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस दूरसंचार एवं अग्निशमन विम्मी सचदेवा द्वारा संचार द्वारा सब कंट्रोल रूम, फायर स्टेशनों आदि पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात एवं जीआरपी कृष्ण कुमार वी.के. द्वारा पुलिस लाइन हाईवे पार्किंग होल्डिंग एरिया रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था आदि पुलिस महानिरीक्षक, पी एंड एम/मुख्यालय बरिन्दर जीत सिंह द्वारा निर्माणाधीन समस्त भवनो आदि का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इस समीक्षा बैठक एवं स्थलीय निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कुम्भ मेला-2027 की समस्त सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का समय रहते आकलन कर विभिन्न विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित कुम्भ का अनुभव प्रदान किया जा सके।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस दूरसंचार/अग्निशमन विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात/जीआरपी कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनन्द भरणे, पुलिस महानिरीक्षक, एसटीएफ/साइबर, पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण अनन्त शंकर ताकवाले, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक सुनील मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, कुम्भ मेला योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक, पी एंड एम/मुख्यालय बरिन्दरजीत सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...