भारत ने अंतरिक्ष से मलबा हटाने के क्षेत्र में अग्रणी पहल की

@ नई दिल्ली :-

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन से हैदराबाद में कॉसमोसर्व स्पेस की बेस-1 सुविधा के उद्घाटन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि भारत अंतरिक्ष से मलबा हटाने के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि एक भारतीय स्टार्टअप बाह्य अंतरिक्ष को अधिक सुरक्षित और संधारणीय बनाने के लिए प्रौद्योगिकी विकसित करने की दिशा में कार्यरत है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने वर्ष 2030 तक अंतरिक्ष को मलबा-मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि सक्रिय अंतरिक्ष मलबा हटाने के क्षेत्र में भारत की उभरती क्षमताएं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में देश के बढ़ते वैश्विक नेतृत्व और संपूर्ण मानवता के लिए सुरक्षित अंतरिक्ष वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दर्शाती है।

हैदराबाद के गाचीबावली स्थित वीएसडी टेक पार्क में आयोजित उद्घाटन समारोह में तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री डी. धर श्रीबाबू विशिष्ट अतिथि के रुप में और कॉसमोसर्व स्पेस के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. चिरंजीवी फणींद्र मौजूद थे। डॉ. जितेंद्र सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस सुविधा के उद्घाटन पर कॉसमोसर्व स्पेस को बधाई देते हुए कहा कि बेस-1 लगभग 14,800 वर्ग फुट में फैली व्यापक और अत्याधुनिक सुविधा है। यहां अंतरिक्ष रोबोट का डिजाइन और निर्माण, अंतरिक्ष जैसी परिस्थितियों में उनका परीक्षण और मिशन नियंत्रण केंद्र के माध्यम से उनका संचालन किया जाता है। इस सुविधा में अंतरिक्ष में दो अंतरिक्ष यानों या उपग्रहों को एक दूसरे के करीब लाने और फिर उन्हें आपस में जोड़ने या थामने की जटिल प्रक्रियाओं का अनुकरण और परीक्षण किया जाता है। इस केंद्र में अंतरिक्ष रोबोटिक्स नवाचार प्रयोगशालाएं, सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण अनुकरण प्लेटफॉर्म और उपग्रह एकीकरण के लिए क्लीन रूम जैसी विशिष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह भारत की निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की क्षमताओं में महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कॉसमोसर्व स्पेस की उपग्रह प्रणालियों के लिए पिक्सेल, प्रणोदन प्रणालियों के लिए ध्रुव एयरोस्पेस नीदरलैंड्स और प्रक्षेपण सेवाओं के लिए स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ साझेदारियां अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पूर्ण समाधान के सहयोग की उभरती संस्कृति को दर्शाती हैं। यह पहल दिखाती है कि भारतीय स्टार्टअप स्वदेशी पेलोड, बैटरी प्रौद्योगिकियों, उपग्रह प्रणालियों और निजी प्रक्षेपण क्षमताओं को साथ लाकर एकीकृत अंतरिक्ष मिशन विकसित कर रहे हैं और इसमें वैश्विक मानक स्थापित कर रहे हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिवर्तनकारी अंतरिक्ष सुधारों को भारत की अपार क्षमता साकार करने का श्रेय देते हुए कहा कि लगभग पांच से छह वर्ष पहले आरंभ हुई इस यात्रा और उसके बाद न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड तथा भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र की स्थापना ने देश के अंतरिक्ष पारितंत्र को बुनियादी रूप से बदल कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था बढ़कर लगभग 9 अरब डॉलर तक पहुंच गई है और आगामी दशक में इसके 40–45 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। देश का अंतरिक्ष स्टार्टअप इकोसिस्टम भी एकल अंक से बढ़कर अब लगभग 450 उद्यमों तक विस्तारित हो गया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि भारत में वैज्ञानिक प्रतिभा या तकनीकी क्षमताओं की कभी कमी नहीं रही है। आवश्यकता केवल ऐसे अनुकूल पारितंत्र की थी, जो देश के युवाओं की अपार क्षमता सामने ला सके। उन्होंने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से अंतरिक्ष क्षेत्र में अधिक सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने नवाचार को गति देने, सहयोग सुदृढ़ बनाने और उभरती प्रौद्योगिकियों को समर्थन देने के लिए विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में लोक कल्याणकारी योगदान बढ़ाने का आग्रह किया।

केंद्रीय अंतरिक्ष मंत्री ने कहा कि कॉसमोसर्व स्पेस की यह पहल विश्व बंधु भारत की भावना को साकार बनाती है। इसके द्वारा अंतरिक्ष की संधारणीयता एवं दीर्घकालिक सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता राष्ट्रीय सीमाओं से परे संपूर्ण मानवता के हित में विस्तारित हो रही है। उन्होंने स्वच्छ और सुरक्षित अंतरिक्ष वातावरण के निर्माण में योगदान देने के लिए कॉसमोसर्व स्पेस की टीम को बधाई दी और कहा कि इस तरह की पहल अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में भारत के वैश्विक नेतृत्व को और सुदृढ़ बनाने के साथ ही देश की वैश्विक प्रतिष्ठा भी बढ़ाएगी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने व्यक्तिगत रूप से इस केंद्र का जल्द दौरा करने और कॉसमोसर्व स्पेस की टीम के साथ बातचीत करने की इच्छा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...