@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरे :-
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में 01 अणे मार्ग स्थित संकल्प में पुलिस महानिदेशक एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतें। लापरवाही बरतनेवाले पदाधिकारियों और पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

. मुख्यमंत्री नीतीश ने जे.पी. गंगा पथ अन्तर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक के सम्पर्क पथ के निर्माणाधीन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ओ.पी. शाह सामुदायिक भवन, पटना सिटी एवं पटना घाट के पास रूककर निर्माणाधीन कार्य को देखा और साइट मैप के माध्यम से निर्माण कार्य से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।

. नीतीश कुमार ने जे.पी. गंगा पथ अन्तर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक के सम्पर्क पथ के निर्माणाधीन कार्य का जायजा लेने के दौरान कहा कि यह पथ पटना साहिब रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर पटना घाट होते हुए जे.पी. गंगा पथ तक सम्पर्कता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस पथ के निर्माण से अशोक राजपथ एवं मारूफगंज मंडी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलेगी एवं जे.पी. गंगा पथ का एन.एच.-30 (पटना-बख्तियारपुर पथ) से सम्पर्कता प्राप्त होगी।

. मुख्यमंत्री से अणे मार्ग स्थित संकल्प में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो.उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. उपेन्द्र प्रसाद सिंह पटना के टी.पी.एस. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य रहे हैं। वह प्रसिद्ध शिक्षाविद् हैं, जिन्होंने छात्रों को शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में हमेशा प्रेरित किया है।

. पटना के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने पटना समाहरणालय में संचालित जिला सम्पर्क केन्द्र-सह-मतदाता हेल्पलाइन 1950 का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में किसी भी तरह की सहायता के लिए इस टॉल फ्री नंबर पर सम्पर्क किया जा सकता है।

. खगड़िया के जिलाधिकारी नवीन कुमार द्वारा चौथम प्रखंड स्थित वन स्टॉप हेल्थ सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर इलाज व्यवस्था, आवश्यक दवा की उपलब्धता, रोस्टवार सूची की जांच की।

. जहानाबाद की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय द्वारा आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर शांतिपूर्वक एवं सौहार्द्रपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था की दृढ़ स्थापना के लिए नगर परिषद् क्षेत्र में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना का संचार करना, असामाजिक तत्वों में विधिक भय स्थापित करना एवं शांति व्यवस्था के प्रति प्रशासन की तत्परता को दर्शाना था।

. गया जी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर द्वारा बागेश्वरी बैरागी का स्थल भ्रमण किया गया तथा निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रह कार्यों में प्रगति का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने घूम-घूमकर स्थानीय निर्वाचकों तथा आम जनता से संवाद भी स्थापित किया।