@ पटना बिहार
बिहार एक झलक में, बिहार की प्रमुख खबरें…
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंदिरी नाले पर निर्माणाधीन 2 लेन सम्पर्क पथ के विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कहा कि इस 2 लेन सम्पर्क पथ का निर्माण कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कराएं। बिहार कला महाविद्यालय की चहारदिवारी को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे इसका विशेष रुप से ख्याल रखें। मंदिरी नाले पर निर्माणाधीन 2 लेन सम्पर्क पथ नेहरू पथ से जे.पी. गंगा पथ तक होगा जिसमें दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट से जे.पी. गंगा पथ तक सड़क एलिवेटेड होगी।


नीतीश कुमार ने मंदिरी नाले पर निर्माणाधीन 2 लेन सम्पर्क पथ के विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कहा कि इस पथ का निर्माण कार्य पूर्ण होने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी तथा जाम से निजात मिलेगी। इससे समय की भी बचत होगी तथा इस इलाके का और विकास होगा। मालूम हो कि नेहरू पथ आयकर गोलम्बर से दानापुर-बांकी पथ के बांस घाट तक 1289 मीटर बॉक्स ड्रेन-सह-2लेन सम्पर्क पथ का निर्माण होना है। इसमें सर्विस रोड के साथ नाला एवं लूटिलिटी डक्ट का प्रावधान किया गया है। । साफ-सफाई हेतु दो रैम्प एवं तीन डिसील्टिंग चैम्बर का निर्माण के अलावा जल निकासी की व्यवस्था एवं नियंत्रण के लिये चार स्यूलिस गेट प्रस्तावित है। इस सड़क के सौंदर्यीकरण हेतु स्ट्रीट लइटिंग के साथ लैंड स्केपिंग का कार्य भी किया जाना है।

बिहार, प्रगति की ओर बढ़ता एक राज्य… जहाँ विकास केवल एक शब्द नहीं, बल्कि एक दृढ़ संकल्प है। माननीय मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्पता से सुपौल के वीरपुर अनुमंडल में अवर निबंधन कार्यालय का माननीय मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सदा के कर-कमलों द्वारा नवसृजित अवर निबंधन कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। अब स्थानीय लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, एक ही छत के नीचे निबंधन समेत सभी दस्तावेजी कार्य आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। 20 जनवरी 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान किए गए वायदे को पूरा करने की दिशा में यह एक और महत्ती कदम है। यह कार्यालय न केवल प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करेगा बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं की पहुँच को आसान बनाएगा।

पटना के समाहर्त्ता-सह-जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा मद्य-निषेध एवं उत्पाद से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जब्त शराब का अविलंब विनष्टीकरण करने एवं जब्त वाहनों का विधिवत मूल्यांकन एवं नीलामी कराने के साथ सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से लंबित मामलों की थानावार समीक्षा कर लंबित मामलों को त्वरित गति से निष्पादित करने के निर्देश दिये।

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अभिनव धीमान की अध्यक्षता में आगामी रामनवमी पर्व, 2025 को लेकर शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। उन्होंने शांतिपूर्वक एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।

बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। उन्होंने जनता दरबार में आये कुल 16 आवेदनों की जांच कर अग्रेतर कार्रवाई के निर्देश दिये।

सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण परियोजनाओं हेतु भू-अर्जन की बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भू-अर्जन की प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिये।

मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में बिहार सर्वेक्षण एवं बन्दोबस्त कार्यक्रम के तहत् सर्वे कार्य की प्रगति से संबंधित बैठक हुई। उन्होंने खतियान सुधार कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिये।