@ नई दिल्ली :-
BSF (भारत) और BGB (बांग्लादेश) के बीच 56वां महानिदेशक स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन, BGB द्वारा ढाका, बांग्लादेश में 25 से 28 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जाएगा।

इस सम्मेलन के दौरान, BSF के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी के नेतृत्व में भारत का BSF प्रतिनिधिमंडल, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफज्जमां सिद्दीकी के नेतृत्व वाले BGB प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेगा।
यह सम्मेलन सीमा संबंधी मुद्दों पर चर्चा करने और दोनों सीमा सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय के लिए आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान, बांग्लादेश स्थित बदमाशों/नागरिकों द्वारा BSF कर्मियों और भारतीय नागरिकों पर हमले/आक्रमण की रोकथाम, सीमा पार अपराधों को रोकने के उपाय, एकल पंक्ति बाड़ का निर्माण, बांग्लादेश में भारतीय विद्रोही समूहों (आईआईजी) के विरुद्ध कार्रवाई, सीमावर्ती अवसंरचना से संबंधित मुद्दे, समन्वित सीमा प्रबंधन योजना (सीबीएमपी) के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए संयुक्त प्रयास, विश्वास निर्माण उपाय (सीबीएम) और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
पिछला BSF-BGB सीमा समन्वय सम्मेलन 17 से 20 फरवरी 2025 तक नई दिल्ली (भारत) में आयोजित किया गया था।
महानिदेशक स्तरीय BSF-BGB सीमा समन्वय सम्मेलन की शुरुआत
सीमा प्राधिकारियों के लिए संयुक्त भारत-बांग्लादेश दिशानिर्देश – 1975 में यह परिकल्पना की गई है कि तत्काल प्रशासनिक चिंता के मामलों पर चर्चा करने के लिए दोनों संबंधित देशों के सीमा प्राधिकारियों के बीच लगातार संपर्क होना चाहिए।

सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिदेशक अश्विनी कुमार के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल और बीडीआर (अब BGB) के पूर्व महानिदेशक मेजर जनरल काजी गुलाम दस्तगीर के नेतृत्व में बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल ने आपसी सीमा समस्याओं पर चर्चा करने के लिए पहली बार 2 दिसंबर 1975 को कोलकाता में मुलाकात की। तब से, महानिदेशक BSF और महानिदेशक BGB के बीच बैठकें 1993 तक भारत और बांग्लादेश में बारी-बारी से प्रतिवर्ष आयोजित की जाती रहीं।
7 से 9 अक्टूबर, 1993 तक ढाका (बांग्लादेश) में भारत और बांग्लादेश के गृह सचिवों के बीच हुई चर्चाओं के दौरान, इस बात पर सहमति हुई कि BSF और BGB के बीच महानिदेशक स्तर की बैठकें द्विवार्षिक होंगी।
उक्त बैठक के दौरान हुई चर्चाओं के सारांश में, इस बात पर ज़ोर दिया गया कि पारस्परिक हितों और चिंताओं के क्षेत्रों में समस्याओं का समाधान विभिन्न स्तरों पर घनिष्ठ संपर्क और निरंतर सार्थक संवाद के माध्यम से उत्तरोत्तर किया जा सकता है।
तदनुसार, महानिदेशक BSF और महानिदेशक BGB वर्ष में दो बार बारी-बारी से दिल्ली और ढाका में सीमा समन्वय बैठकें आयोजित करते रहे हैं और इन बैठकों की चर्चाओं का संयुक्त रिकार्ड प्रत्येक बैठक के बाद गृह मंत्रालय को भेजा जाता है।
