@ नई दिल्ली :-
उत्तर दिल्ली जिला पुलिस की टीम ने मकान मालिक से मोटी रकम उगाहने और उस पर दबाव बनाने के लिए खुद पर गोली चलवाने की सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश करते हुए किरायेदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की DCP North Delhi टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, किरायेदार को मकान खाली करने के लिए कहा गया था। इसके बाद उसने पहले मकान मालिक के खिलाफ सिविल केस दायर किया, लेकिन जब उससे कोई खास दबाव नहीं बना तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक नई साजिश रच डाली।
योजना के तहत किरायेदार ने अपने ही साथियों से अपने पैर में गोली चलवाई, ताकि मकान मालिक को झूठे मामले में फंसाकर उससे मोटी रकम वसूली जा सके।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कई लोगों से पूछताछ की। तकनीकी जांच और लगातार पूछताछ के आधार पर गोली चलाने वाले आरोपी और उसके साथी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी साजिश का खुलासा हुआ, जिसके बाद किरायेदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
